समस्तीपुर में आपराधिक घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। बदमाश एक के बाद एक घटना को अंजाम देते हुए पुलिस को खुली चुनौती दे रहे हैं। ताजा मामला घटहो थाना क्षेत्र की है। रविवार की रात चोरों ने कपड़ा दुकान का शटर तोड़ 80 हजार मूल्य के कपड़े व 11 हजार रुपए की चोरी कर ली। इसके विरोध में दुकानदारों ने सड़क जाम कर दिया।
सोमवार की सुबह कुछ युवक मॉर्निंग वॉक कर रहे थे। इसी दौरान लड़कों की नजर बनघारा चौक के न्यू मिश्रा मार्केट स्थित श्रुति श्री वस्त्रालय के टूटे शटर पर पड़ी। लड़कों ने इसकी जानकारी दुकान के मालिक सुरेश रजक को दिया। सूचना मिलने के बाद सुरेश अपनी दुकान पहुंचा तो देखा की शटर उठा हुआ है। अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा हुआ है। वहीं दुकान के अंदर से 80 हजार रुपए मूल्य का कीमती साड़ी व रेडीमेड कपड़ा सहित रात की बिक्री का गल्ला में रखा 11 हजार नगद गायब था।
दुकानदार ने घटना की जानकारी स्थानीय थाना की पुलिस को दिया। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल करते हुए वापस लौट गई। पुलिस के जाने के बाद घटना की जानकारी पर जुटे स्थानीय अन्य दुकानदारों ने विरोध जताते हुए सड़क पर टायर जलाकर जाम कर दिया। ओपी प्रभारी चंद्रभूषण कुमार ने बताया कि पुलिस कार्रवाई में जुटी है।
घटना से आक्रोशित दुकानदारों का कहना था कि एक महीने के अंदर इस प्रकार की अनेक घटनाएं घटित हुई हैं। इसी मार्केट में आभूषण दुकान में चोरी की घटना घटी थी। लगभग पंद्रह दिन पूर्व नौ बजे रात में घटहो बनघारा मुख्य सड़क के सुनसान जगह पर गांव के ही एक बाइक सवार से चोरों ने पिस्तौल के बल पर लगभग दो हजार रुपए छीन लिया था। गनीमत रही कि सामने से एक गाड़ी को आता देख चोर भाग निकला जिससे बाइक सवार की जान व मोबाइल बच गई। एक सप्ताह पूर्व बनघारा चौक स्थित सुरेश महतो के घर को खुलवाकर बोलेरो सवार चोरों ने दो बकरा उठाकर भाग गया था। इस तरह की घटनाओं से आम लोगों में दहशत है।



Leave a Reply