Breaking News

मेट्रो निर्माण देखने निकले नीतीश, सीएम ने पटना मेट्रो के निर्माण कार्य में तेजी लाने के दिए निर्देश

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पटना मेट्रो के निर्माण कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया है। शनिवार को उन्होंने आला अधिकारियों के साथ पटना मेट्रो रेलवे कॉरपोरेशन के निर्माण कार्यों का स्थल निरीक्षण किया। साथ ही उनसे अबतक हुए कार्यों की रिपोर्ट ली। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मलाही पकड़ी से पहाड़ी तक पटना मेट्रो रेल निर्माण कार्य को देखा। उन्होंने पटना मेट्रो के विभिन्न एलाइनमेंट की जानकारी ली और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये।

सीएम ने निर्माण स्थलों का निरीक्षण कर ताकीद की कि अंडरग्राउंड शुरू करें तो बताएं, फिर देखेंगे

नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव आनंद किशोर एवं मेट्रो रेल के अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को पहाड़ी पर रेखाचित्र के माध्यम से निर्माण कार्य की जानकारी दी। इस दौरान पटना मेट्रो रेल एलाइनमेंट कॉरिडोर 1 और कॉरिडोर 2 के संबंध में मुख्यमंत्री को विस्तारपूर्वक जानकारी दी गयी। उन्हें एलिवेटेड वर्क का काम दिखाया गया है। सीएम ने कहा कि मेट्रो रेल के निर्माण कार्य में तेजी लाएं ताकि यह प्रोजेक्ट समय पर पूरा हो और लोगों को इसका लाभ मिल सके। उन्होंने अंडरग्राउंड वर्क का कार्य भी जल्द शुरू करने का निर्देश दिया। साथ ही यह भी ताकीद की कि जब कार्य की शुरूआत होगी तो वे आकर खुद इसका निरीक्षण करेंगे।

दिल्ली मेट्रो के अफसर भी थे

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव आमिर सुबहानी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ. एस सिद्धार्थ, नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव आनंद किशोर, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह, नगर आयुक्त अनिमेश पराशर, दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के अधिकारी मौजूद थे।

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.