बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) की बिहार बोर्ड 10वीं वार्षिक परीक्षा 2022 का रिजल्ट घोषित कर दिया गया है. कुल 79.88 फीसदी छात्र पास हुए हैं. पहली बार बिहार बोर्ड 10वीं टॉपर को 97 फीसदी अंक प्राप्त हुए हैं. मैट्रिक रिजल्ट में एक बार फिर लड़कियों ने बाजी मारी है. रामायणी राय 487 (97.4%) अंक लेकर पहले स्थान पर रहीं. वहीं, दूसरे नंबर दो परीक्षार्थी संयुक्त रूप से रहे, जिसमें सानिया कुमारी और विवेक कुमार ठाकुर ने 486(97.2%) अंक हासिल किया. वहीं तीसरे नंबर पर प्रज्ञा कुमारी रहीं उन्होंने 485 अंक हासिल किए..
मैट्रिक की परीक्षा में सफल होने वाले तमाम विद्यार्थियों को सीएम नीतीश ने हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी है. उन्होंने ट्वीट कर कहा कि इस बार 16 लाख 11 हजार 99 छात्रों ने मैट्रिक की परीक्षा दी थी. परीक्षा में 79.88 प्रतिशत परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए हैं. सीएम नीतीश ने कहा कि इस बार टॉप-5 सफल विद्यार्थियों में 4 लड़कियों ने बाजी मारी है. यह महिला सशक्तीकरण का बड़ा उदाहरण है. लड़कियों के लिए राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं से उनका आत्मविश्वास बढ़ा है और वो हर क्षेत्र में निरंतर प्रगति कर रही हैं.
सीएम नीतीश ने ट्वीट कर कहा कि बिहार विद्यालय परीक्षा समिति एवं शिक्षा विभाग ने महज 34 दिनों के रिकॉर्ड समय में परीक्षा का परिणाम प्रकाशित किया इसके लिए वे भी बधाई के पात्र हैं. समय पर रिजल्ट के प्रकाशन से छात्र-छात्राओं को आगे की कक्षाओं में नामांकन के लिए पर्याप्त समय मिलेगा। इससे उनका हौसला बढ़ेगा.
बता दें कि इस बार मैट्रिक परीक्षा में 16.48 लाख परीक्षार्थी शामिल हुए थे. 17 फरवरी से 24 फरवरी तक हुई थी मैट्रिक की परीक्षा. पूरे प्रदेश में 1525 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे, लेकिन मैट्रिक परीक्षा के पहले दिन मोतिहारी जिले में प्रथम पाली में गणित की परीक्षा का पेपर लीक हो गया था. जिसके बाद 24 मार्च को 25 सेंटरों पर मैट्रिक की फिर से परीक्षा आयोजित की गई. मैट्रिक के री-एग्जाम में 19628 परीक्षार्थी शामिल हुए थे.



Leave a Reply