बिहार में भाजपा के विधायक और पूर्व मंत्री विनय बिहारी ने कहा कि वक्त आ गया है कि अब डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद को मुख्यमंत्री बना देना चाहिए। नीतीश कुमार में वह जोश नहीं रहा जो 2005 में था। 2005 में नीतीश कुमार में काम करने का जोश दिखता था, अब वह जोश नहीं रहा। अब उनका काम ठीक नहीं चल रहा है।

भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री विनय बिहारी।
नीतीश कुमार को सच का एहसास हो गया है
भाजपा विधायक की यह प्रतिक्रिया एक तरफ है और दूसरी तरफ नीतीश कुमार की निजी यात्रा। वे इन दिनों अपने संसदीय और विधान सभा क्षेत्र के दौरे पर रहे। वहीं उन पर हमला भी हुआ। क्षेत्र के लोगों से मिलते हुए नीतीश कुमार पुराने परिचितों से उनका हाल-चाल भी पूछते रहे और काम के बारे में भी पूछते रहे। किसी ने कहा कि बख्तियारपुर को जिला बनाना बाकी है तो नीतीश कुमार ने इस मांग को भविष्य में पूरा करने का आश्वासन दे दिया।
इसी तरह कई छोटी-बड़ी मांग नीतीश कुमार मानते रहे। राजद के प्रदेश प्रवक्ता चित्तरंजन गगन कहते हैं कि नीतीश कुमार को एहसास हो गया है कि भाजपा अब ज्यादा दिन तक उन्हें टॉलरेट करने की स्थिति में नहीं है।

राजद नेता चितरंजन गगन ने भी सीएम पर कसा तंज।
भाजपा, नीतीश कुमार नामक की बैशाखी छोड़ना चाहती है- राजद
गगन ने कहा कि भाजपा कभी भी नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री पद से हटा देगी या हटने के लिए बाध्य कर देगी। भाजपा का ऑपरेशन नीतीश शुरू है। वे सम्मान जनक पद केन्द्र में चाह रहे हैं, इसलिए अपने क्षेत्र में घूम-घूम कर लोगों से मिल रहे हैं। चलते- चलते उनकी मांग पूरी कर देना चाहते हैं। गगन ने कहा कि हमलोगों को पहले से ही लग रहा था कि यूपी में भाजपा की जीत होगी तो नीतीश कुमार को भाजपा डिमॉरलाइज करेगी। अब भाजपा, नीतीश कुमार की बैशाखी को बिहार में छोड़ना चाहती है। नीतीश भी बहुत झुक गए हैं।

जदयू नेता नीरज कुमार ने विनय बिहारी पर साधा निशाना।
मोदी और अमित शाह दोनों ने भरोसा किया
भाजपा विधायक और राजद प्रवक्ता के बयान पर जदयू प्रवक्ता और पूर्व मंत्री नीरज कुमार ने कहा कि विनय बिहारी का राजनीतिक जीवन अल्पायु वाला है। उनके मंतव्य को भाजपा गंभीरता से नहीं लेती है। नरेन्द्र मोदी और अमित शाह ने नीतीश कुमार के नेतृत्व पर 2020 के चुनाव में भरोसा किया और एनडीए की सरकार बनी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नीतीश कुमार को ऐसे ही प्रखर समाजवादी नहीं कहा।
राजद के सुप्रीमो की तो हालत यह है कि वे चुनाव तक नहीं लड़ सकते। राजद को अपने गिरेबान में झांकना चाहिए। राजद की किस्मत है कि उनके सुप्रीमो कैदखाने में रहेंगे और कैदी नंबर से नवाजे जाते रहेंगे। आने वाले समय के लिए नेता प्रतिपक्ष भी न्यायिक प्रक्रिया पूर्ण होने का इंतजार करें। आईआरसीटीसी पशुपालन से भी बड़ा घोटाला है।



Comment here