बिहार विधानसभा की कार्यवाही शनिवार को शांतिपूर्वक शुरू हुई। सदन के बाहर किसी दल ने प्रदर्शन नहीं किया। लंच के बाद अधिकार- कर्तव्य पर विमर्श होगा। हालांकि, राजद ने कहा कि नीतीश कुमार द्वारा इस तरह नरेंद्र मोदी को झुककर प्रणाम करने से बिहार शर्मसार हुआ। वहीं, BJP विधायक हरि भूषण बचौल ने गंभीर आरोप लगाया है।
उन्होंने कहा कि बिहार में पूरी तरह से पूरा तंत्र करप्शन में डूबा हुआ है। अफसरशाही हावी है, अधिकारी लूटने में लगे हैं। हमें कहने का अधिकार है, सिस्टम बर्बाद हो चुका है। विधायक फंड को लेकर कांग्रेस विधायक अजित शर्मा और मंत्री विजेंद्र यादव के बीच तू-तू, मैं मैं हो गई। विधायक महाबली सिंह यादव ने पूछा कि MLA फंड बढ़ाने को लेकर क्या कुछ हुआ, ये साफ किया जाए। मंत्री विजेंद्र यादव ने बताया कि फिलहाल 3 करोड़ से ज्यादा का फंड बढ़ाने का कोई इरादा नहीं है।
राजद प्रवक्ता ने ली सीएम नीतीश की चुटकी
राजद प्रवक्ता भाई वीरेंद्र ने कहा है कि नीतीश कुमार द ग्रेट मुख्यमंत्री हैं। नीतीश कुमार अपनी कुर्सी बचाने के लिए कुछ भी कर सकते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को छूकर प्रणाम करने को राजद ने आड़े हाथों लिया है और कहा है कि नीतीश कुमार नरेंद्र मोदी के सामने स्त्रियों के जैसे साष्टांग हो गए हैं। यह वही नीतीश कुमार हैं, जिन्होंने कहा था कि मिट्टी में मिल जाएंगे लेकिन भाजपा के साथ नहीं जाएंगे, भाजपा के साथ गठबंधन नहीं करेंगे। भाई वीरेंद्र ने कहा है कि नीतीश कुमार की वजह से एक बार फिर बिहार शर्मसार हुआ है। नीतीश कुमार चाहते क्या है, वे बताएं।

जदयू ने कहा- राजद प्रवक्ता के दिमाग पर आती है तरस
जदयू के विधान परिषद सदस्य गुलाम रसूल बलियावी ने विपक्ष द्वारा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तर प्रदेश के शपथ ग्रहण समारोह में मंच पर मिलने पर तंज कसने पर कहा कि एहतराम और अदब हमारे समाज और संस्कृति की देन है, हमारे मुख्यमंत्री ने इस तरह का परिचय दिया है। अगर विपक्ष को इसमें भी कोई राजनीति लगती है तो उनके दिमाग पर हमें तरस आता है।
राजद विधायक समीर महासेठ ने उठाया सवाल
अपार्टमेंट में रह रहे फ्लैट मालिकों द्वारा एक एसोसिएशन का गठन कर अपार्टमेंट की देख-रेख की जाती है। सरकार द्वारा जारी निदेशानुसार इस तरह के अपार्टमेंट को सहकारिता एक्ट या कम्पनी एक्ट की धारा-8 के अन्तर्गत निबंधन किया जा सकता है। अपार्टमेंट की खरीद-बिक्री आरक्षण के आधार पर नहीं होती है, लेकिन अपार्टमेंट एसोसिएशन के निबंधन में आरक्षण का पालन बाध्यकारी कर दिया गया है। इसके चलते कोई भी अपार्टमेंट एसोसिएशन पटना में निबंधित नहीं हो पा रहा है।
परिणामस्वरूप तरह-तरह की कानूनी अड़चनें सामने आती है और अपार्टमेंट का मेंटेनेंस नहीं हो पा रहा है। अपार्टमेंट ऑनर एसोसिएशन के निबंधन की प्रक्रिया को व्यवहारिक बनाये जाने के लिए हम सदन के माध्यम सरकार का ध्यान आकृष्ट करते हैं।

भारत का संविधान।
आज सभी विधायकों को दी जाएगी भारतीय संविधान की कॉपी
बिहार विधान सभा में विधायकों के विषेशाधिकार मामला और उनके आचरण पर विशेष चर्चा आयोजित की गई है। पिछले वर्ष विधायकों के हंगामे के बाद विधान सभा अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा ने चर्चा कराने का निर्णय का लिया है। इसको लेकर सभी पार्टियों के नेताओं को अपनी अपनी बात रखने का वक्त निर्धारित किया जाएगा। जाहिर सी बात है जिस दल में अधिक विधायक हैं, उन्हें इस पर ज्यादा समय दिया जाएगा अपनी बात रखने का। सदन में जो अनुभवी नेता हैं उन्हें भी अलग से अपने अनुभव रखने का मौका दिया जाएगा।
समझने और जीवन में उतारने का है ध्येय
इस विशेष बहस के बाद विधानसभा के सभी विधायकों को भारतीय संविधान की एक-एक प्रति उपहार स्वरूप दी जाएगी। खास तौर पर बिहार विधानसभा के अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा ने लोकसभा से सभी विधायकों के लिए संविधान की कॉपी मंगाई है। ताकि विधायक जी संविधान की बातों को अच्छी तरह से समझ सके और उसे अपने जीवन में उतार सकें। अब सवाल यह उठता है कि विधायक जी के लिए संविधान की कॉपी तो दिल्ली से आ गई है, लेकिन कितने ऐसे विधायक हैं जो इस संविधान की कॉपी को अच्छे से पढ़ सकते हैं।
94 विधायक 5वीं से 12वीं तक ही पढ़े हैं, 9 हैं सिर्फ साक्षर
ADR की रिपोर्ट के मुताबिक बिहार विधानसभा 2020 चुने गए विधायकों में से 94 विधायक 5वीं से 12वीं तक ही पढ़े हैं। बिहार के 10 विधायक ऐसे हैं जो केवल 8वीं पास हैं और 30 विधायक 10 वीं पास हैं। ADR की रिपोर्ट के मुताबिक 53 विधायक 12वीं पास हैं। 134 विधायकों ने अपनी शैक्षिक योग्यता ग्रैजुएट या उससे ऊपर दी है। 9 विधायकों ने शैक्षिक योग्यता में सिर्फ साक्षर लिखा है। ये रिपोर्ट विधायकों के दिये गए शपथपत्र से तैयार की गई है।



Leave a Reply