Breaking News

मुकेश सहनी को एक और बड़ा झटका, RJD ने बंद किए अपने दरवाजे

मुकेश सहनी के सभी तीनों विधायक VIP का साथ छोड़कर बीजेपी में शामिल हो गए हैं. मुकेश सहनी के मंत्री पद पर भी संकट मंडरा रहा है. साथ ही उनके सियासी करियर पर भी तलवार लटक रही है. इस बीच मुकेश सहनी लगातार आरजेडी सुप्रीमो लालू यादव की तारीफ करते रहे हैं. यहां तक कि उन्होंने यह तक कह दिया है कि लालू यादव उनके दिल में बसते हैं. ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि क्या मुकेश सहनी अब महागठबंधन का दामन थामेंगे.

NDA से अलग होकर मुकेश सहनी किधर जाएंगे. सबके जेहन में यही सवाल उठ रहे हैं. इस बीच बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के बयान ने मुकेश सहनी की टेंशन बढ़ा दी है. राबड़ी देवी ने साफ कह दिया है कि मुकेश सहनी की महागठबंधन में वापसी नहीं होगी. वह महागठबंधन छोड़ कर खुद गए थे. हम लोगों ने उन्हें भगाया नहीं था. पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि आज बीजेपी के नेता उनके साथ जो बर्ताव कर रहे हैं, तब उन्हें लालू जी की याद आ रही है.

राबड़ी देवी ने कहा कि लालू जी गरीबों के नेता हैं, नेता रहेंगे. उन्होंने ‘गरीबों-पिछड़ों-वंचितों को आवाज दी है. लालू यादव के कारण ही आज मुकेश सहनी अपने हक़ की लड़ाई लड़ रहे हैं. साथ ही राबड़ी देवी ने कहा कि राजद में सहनी समाज के बहुत सारे नेता हैं. वहीं पूर्व मुख्यमंत्री ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि वह पैसे वाली पार्टी है. जोड़-तोड़ की राजनीति पैसे के बदौलत लोग करते हैं. इससे पहले मुकेश सहनी को लेकर राबड़ी देवी ने कहा कि मुकेश सहनी ने जो करनी किया है वह भोग रहा है. राबड़ी देवी ने कहा कि बीजेपी और नीतीश कुमार की डबल इंजन की सरकार ने मुकेश सहनी की पीठ में छुरा घोंपने का कम किया है

बता दें कि हालिया घटनाक्रम पर VIP सुप्रीमो और बिहार सरकार में मंत्री मुकेश सहनी ने कहा कि इस्तीफा भी नहीं दूंगा और हार भी नहीं मानूंगा. मंत्री पद से इस्तीफे के सवाल पर मुकेश सहनी ने कहा कि मेरा इस्तीफा सीएम नीतीश कुमार का विशेषाधिकार, इसलिए जैसा वो कहेंगे मैं वैसा ही करूंगा. उन्होंने कहा कि फिलहाल मैं इस्तीफा नहीं दूंगा. जनता के लिए काम करता रहूंगा. वहीं मुकेश सहनी ने कहा कि मेरी शुभकामनाएं उन तीन विधायकों के साथ हैं जो कल तक हमारे साथ थे और अब दूसरी पार्टी (बीजेपी) में शामिल हो गए हैं.

बतातें चलें कि VIP के तीनों विधायक मिश्री लाल यादव, राजू सिंह और स्वर्णा सिंह ने मुकेश सहनी का साथ छोड़कर बीजेपी का दामन थाम लिया है. बोचहां के विधायक मुसाफिर पासवान के निधन के बाद वीआइपी के पास केवल यही तीन विधायक थे और एक एमएलसी मुकेश सहनी खुद हैं. हालांकि बतौर एमएलसी मुकेश सहनी का कार्यकाल कुछ ही महीनें में पूरा होने वाला है. VIP को छोड़ने वाले स्वर्णा सिंह दरभंगा के गौराबौरम से विधायक हैं, मिश्रीलाल यादव दरभंगा के अलीनगर से जबकि राजू सिंह मुजफ्फरपुर के साहिबगंज से विधायक हैं.

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.