Breaking News

होली पर आसमान से बरस रही आग, दोपहर बाद 38 डिग्री सेल्सियस के पार होगा पटना का पारा

होली पर आसमान से आग बरस रही है। दोपहर बाद पटना का पारा 38 डिग्री तक पहुंच सकता है। सुबह 8 बजे पटना का तापमान 25 डिग्री के पार हो गया था। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि होली से अब मौसम काफी गर्म होगा। 31 मार्च 2019 को पटना का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस रहा लेकिन 2022 में 19 मार्च को ही यह स्थिति बन रही है। मौसम विभाग ने लोगों से सेहत को अलर्ट रहने को कहा है।

24 घंटे में ऐसे बदला मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक 24 घंटे में राज्य का मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक पूरी तरह से शुष्क बना रहा। आसमान पूरी तरह से साफ रहा। सबसे कम न्यूनतम तापमान 17.5 डिग्री सेल्सियस भगवानपुर में दर्ज किया गया। राज्य में औसत न्यूनतम तापमान 18 से 20 डिग्री सेल्सियस के आस पास रहा जबकि सर्वाधिक अधिकतम तापमान 37.7 डिग्री सेल्सियस बांका में दर्ज किया गया। राज्य का औसत अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस के आस पास रहा।

पूर्वी हवा के प्रवाह ने बढ़ाई गर्मी
मौसम विभाग के मुताबिक राज्य में पूर्वी एवं दक्षिण पूर्वी हवा का प्रभाव सतह से 1.5 किलो मीटर उपर तक हो रहा है। हालांकि इसकी रफ्तार में अब कमी आई है। होलिका दहन की रात 10 से 15 किलो मीटर की रफ्तार से चलने वाली पूर्वी हवा अब 5 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही है। इसके साथ ही एक प्रति चक्रवाती परिसंचरण का क्षेत्र राजस्थान और उसके आस पास के क्षेत्र में 5..8 किलो मीटर तक बना है। इन मौसमी कारणों से राज्य में अगले 5 दिनों तक मौसम शुष्क बना रहेगा तथा आसमान भी साफ होगा। दिन और रात के तापमान में अब दिन प्रतिदिन बढ़ोत्तरी का पूर्वानुमान है। ऐसे में मौसम मार्च का रिकॉर्ड तोड़ सकता है।

ऐसे टूट रहा रिकॉर्ड
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक 2019 में 31 मार्च को पटना का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 39.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था जबकि 2020 में 27 मार्च को पटना का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 36.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। 2 मार्च 2019 को सबसे कम न्यूनतम तापमान 9.7 डिग्री सेल्सियस एवं 17 मार्च 2016 को सबसे कम न्यूनतम तापमान 14.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 18 मार्च 2022 काे राज्य का औसत न्यूनतम तापमान 17.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है। ऐसे में मार्च का महीना कई साल का रिकॉर्ड तोड़ रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि 31 मार्च तक राज्य में प्रचंड गर्मी का पूर्वानुमान है। होली पर सीजन का सबसे अधिक गर्मी वाला दिन शनिवार को है। सुबह से ही काफी गर्मी पड़ रही है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि दोपहर बाद पारा 38 डिग्री के पार होगा।

पसीना छुड़ा देगी बिहार में गर्मी
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक बिहार में इस बार होली में पसीना छुड़ाने वाली गर्मी है। बिहार अधिकतम तापमान सामान्य से काफी ऊपर है। राज्य में पछुआ हवा का प्रवाह थम गया है और पूर्वी हवा का प्रवाह तेज हो गया है। मार्च में ही पटना का पारा 38 डिग्री सेल्सियस के पार हो रहा है और यह 40 तक पहुंच जाएगा। मौसम विभाग का कहना है कि इस मौसम में लोगों को सेहत को लेकर अलर्ट रहना होगा। धूप के कारण चिपचिपी गर्मी से पानी की कमी हो सकती है। ऐसे में लोगों को पूरी तरह से गंभीर होना होगा।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.