होली का फेस्टिवल आते ही पुलिस की जिम्मेदारी बढ़ गई है। शराबियों को पकड़ने के लिए अब बाइक से पीछा किया जाएगा। पटना पुलिस को 20 बाइक दी गई है। बाइक से दौड़ाकर शराबियों को पकड़ा जाएगा। पुलिस मुंह सूंघकर शराब का पता लगाएगी। आशंका हुई तो ब्रेथ एनालाइजर लगाकर पुष्टि करेगी फिर कार्रवाई की जाएगी।
होली को लेकर जारी किया गया अलर्ट
डीएम ने पटना में होली के दौरान शराब के कारोबार की आशंका को लेकर पुलिस को अलर्ट किया है। शराबबंदी कानून का पूरी तरह से पालन हो, इसके लिए सख्ती दिखाने को कहा है। आदेश दिया गया है कि किसी भी दशा में शराब के कारोबारी बचने नहीं पाएं। ऐसे लोगों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए। पटना में शराब को लेकर सभी थानों को अलर्ट किया गया है। उत्पाद विभाग को भी अलर्ट मोड में रखा गया है।
बाइक से पीछा करेगी पुलिस
शराबियों को पकड़ने के लिए उत्पाद विभाग द्वारा पुलिस विभाग को 20 मोटरसाइकिल सौंपी गई है। डीएम और एसपी ट्रैफिक ने बाइक को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। उत्पाद विभाग द्वारा कुल 48 मोटरसाइकिल पुलिस विभाग को उपलब्ध कराया जाना है। इसके तहत शुक्रवार को 20 मोटरसाइकिल दी गई है, शेष 28 मोटरसाइकिल भी होली के पूर्व देने की तैयारी है। इसके अतिरिक्त 22 दो पहिया वाहन पहले से ही पुलिस विभाग में है।

गंध आते ही पुलिस लगाएगी ब्रेथ एनालाइजर
पुलिस शराबियों को पकड़ने के लिए पहले गंध का पता लगाएगी। अगर गंध आती है तो पुलिस ब्रेथ एनालाइजर लगाएगी। मद्य निषेध को प्रभावी बनाने के लिए जिले में कुल 148 ब्रेथ एनालाइजर काम कर रहे हैं। इसके तहत पुलिस प्रशासन को 90, रेल पुलिस को 25, उत्पाद विभाग को 21 और परिवहन विभाग को दो ब्रेथ एनालाइजर दिए गए हैं, जिसके द्वारा टेस्टिंग एवं कार्रवाई की जा रही है।
होली में पटना में उड़ेंगे 3 ड्रोन
होली के दौरान पटना में 3 ड्रोन उड़ाए जाएंगे। होली के दौरान शराबबंदी अभियान के प्रभावी कार्रवाई के लिए छापेमारी में तेजी लाई जाएगी। इसके लिए 148 ब्रेथ एनालाइजर, 3 ड्रोन, 3 मोटर मोटर तथा 3 टीम छापेमारी करेगी। सरकार द्वारा पटना जिला को 5 अतिरिक्त पदाधिकारी भी उपलब्ध कराए गए हैं। इससे स्पेशल टीम गठित कर छापेमारी को गति दी जाएगी।



Leave a Reply