Breaking News

इंटर पास करने वाली बालिकाओं को मिलेंगे 25 हजार

सरकार अब इंटर पास करने वाली सभी अविवाहित बालिकाओं को प्रोत्साहन राशि के तौर पर 25 हजार रुपये देगी। अब तक यह राशि 10 हजार रुपये थी। मानव संसाधन विकास मंत्री विजय कुमार चौधरी ने गुरुवार को विधानसभा में यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि अगले चरण में 50 हजार स्कूली शिक्षकों की नियुक्ति होगी। इस साल अब तक 41 हजार नए शिक्षकों की नियुक्ति हो चुकी है। इनके पदस्थापन की कार्रवाई चल रही है। सदन ने विपक्ष की गैर-हाजिरी में मानव संसाधन विभाग का बजट ध्वनिमत से पारित कर दिया। यह 39 हजार 191 करोड़ रुपये का है।

मानव संसाधन मंत्री ने कहा कि शिक्षकों की लगातार नियुक्ति होगी। एसटीइटी परीक्षा के आधार पर नियुक्तियां हो रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षकों की कमी को दूर करने के लिए प्रयत्नशील है। न्यायालय की पेंचीदगियों के चलते इसमें बाधा आ रही थी। अब कोई बाधा नहीं है। उन्होंने कहा कि एसटीइटी परीक्षा पात्रता की परख के लिए होती है। इसका मतलब यह नहीं है कि इस परीक्षा को पास करने वाले सभी अभ्यर्थियों को सरकार नौकरी दे देगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की योजना है कि हरेक पंचायत में एक प्लस टू विद्यालय हो। इसके लिए 6421 प्रधानाध्यापकों के पद सृजित किए गए हैं। यह बहाली बिहार लोक सेवा आयोग के जरिए होगी। प्राथमिक स्कूल में प्रधान शिक्षक के पद सृजित किए गए हैं। 40 हजार से अधिक प्रधान शिक्षकों की बहाली की प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने कहा कि इस साल सभी स्तर के स्कूलों में प्रधानाध्यापक के पद भर दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि उन पंचायतों में प्लस टू स्कूल के भवन के लिए जमीन की खोज हो रही है, जहां पहले से जमीन उपलब्ध नहीं हैं। चौधरी ने कहा कि पंचायतों में प्लस टू स्कूल की उपलब्धता के क्रांतिकारी परिणाम आएंगे। इससे शिक्षा के प्रति बालिकाओं का रूझान बढ़ेगा। 

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.