समस्तीपुर के असिस्टेंट डिस्ट्रिक्ट सप्लाई अफसर (ADSO) नवीन कुमार स्पेशल विजिलेंस यूनिट (SVU) के उम्मीद से भी ज्यादा धनी निकले। आय से अधिक संपत्ति के मामले में शुक्रवार को 12 घंटे हुई विजिलेंस की छापेमारी में 20 करोड़ रुपए से अधिक की संपत्ति मिली है। जबकि, इन पर 2,17,34,746 रुपए के आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया गया था। बिहार से लेकर बंगाल तक इन्होंने करोड़ों रुपए की संपत्ति खरीद रखी है।
बड़ी बात यह सामने आई है कि नवीन कुमार खुद तो बड़े भ्रष्टाचारी निकले ही, इनके IRS दामाद नवनीत कुमार भी भ्रष्टाचार में लिप्त पाए गए हैं। उनके ऊपर CBI ने अपना शिकंजा कस रखा है। IRS दामाद सस्पेंड हैं। इनके ऊपर CBI चार्जशीट भी दाखिल कर चुकी है। SVU के अनुसार, नवीन कुमार ने अपनी बेटी की शादी IRS के साथ 2017 में की थी। इस शादी में लाखों रुपए खर्च किए गए थे।

नवीन कुमार की फाइल फोटो।
4 प्रॉपर्टी बेगूसराय तो 1 फ्लैट कोलकाता में खरीदा
दिनभर चली छापेमारी के बाद SVU के हाथ जो सबूत लगे हैं, उसके मुताबिक बिहार के बेगूसराय में नवीन कुमार ने 4 और पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में 1 फ्लैट खरीद रखा है। इन संपत्तियों की कीमत करोड़ों में है। इसमें बेगूसराय में 4 फ्लोर का आलीशान घर है। ग्राउंड फ्लोर को छोड़ कर सभी फ्लोर के कुल 6 फ्लैट काफी सुसज्जित हैं। बेगूसराय में इनकी दूसरी प्रॉपर्टी भी 4 फ्लोर वाली है, इसमें शहर का नामी और बड़ा हॉस्पिटल चलता है।
बेगूसराय में ही NH-31 पर इनकी तीसरी प्रॉपर्टी है, जो एक मार्केटिंग कॉम्प्लेक्स है और उसमें 15 दुकानें हैं। बेगूसराय के ही मंझौल ब्लॉक में एक बीघा जमीन का प्लॉट खरीद रखा है। जिसकी कीमत करोड़ों रुपए में है। इनकी पांचवी प्रॉपर्टी कोलकाता के न्यू टाउन में स्थित गीतांजलि पार्क पत्नी शिव कुमारी के नाम से एक फ्लैट खरीद रखा है। जो काफी आलीशान है। इन सबके अलावा तलाशी के क्रम में जमीन खरीदने के 15 डॉक्युमेट मिले, जिसकी कीमत 40 लाख से अधिक की है।


ये है बेगूसराय में ADSO का कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स।
40 लाख बैंक में जमा और 50 लाख के जेवर का मिला रसीद
जिस तरह से नवीन कुमार ने सरकारी नौकरी करते हुए काली कमाई के जरिए करोड़ों की अकूत संपत्ति अर्जित की है, उसे देख SVU के अधिकारी भी हैरान है। प्रॉपर्टी के अलावा इन्होंने करोड़ों रुपए अचल संपत्ति में निवेश कर रखा है। इनके घर 6 से अधिक बैंक अकाउंट और उसके चेकबुक हाथ लगे। जब पड़ताल की गई तो अकाउंट में 40 लाख से अधिक रुपया जमा मिला। फिर कई फिक्स डिपॉजिट के सबूत मिले। आशंका है कि अकाउंट में जमा रुपया और अधिक हो सकता है।
इसके अलावा सोना-चांदी की ज्वेलरी मिली। करीब 50 लाख से अधिक की ज्वेलरी खरीदे जाने के रसीद मिले हैं। सबसे बड़ी बात यह है कि बैंक अकाउंट खुलवाने के लिए इन्होंने शातिर गिरी की। तीन बार अपना नाम बदला। ADG नैयर हसनैन खान के अनुसार, SVU की टीम को आज छापेमारी करने के क्रम में बेगूसराय स्थित नवीन कुमार के घर पर काफी परेशानी हुई। नवीन कुमार के परिवार वालों का रवैया बहुत गलत था। टीम के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया।



Leave a Reply