CM नीतीश कुमार को राष्ट्रपति बनाए जाने को लेकर हो रही चर्चा के बीच नीतीश कुमार ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। CM ने इस बयान पर आश्चर्य जताया, कहा कि- मुझे घोर आश्चर्य है कि इस तरह की बातें हो रही हैं। इस तरह की कोई बात नहीं है। उन्होंने कहा कि कहां कोई इस तरह की बात करता है, कहीं से भी इस बात की कोई चर्चा नहीं है। यह सब बातें ऐसे ही होते रहती है। इन सब चीजों से हम लोगों को कोई लेना-देना नहीं है। कोई जानकारी नहीं है। मैंने पेपर में पढ़ा तो मुझे घोर आश्चर्य हुआ।
जब CM से पूछा गया कि विपक्ष की तरफ से यह चर्चा की गई तो मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि यह भी कोई बात नहीं है। मुझसे किसी ने कोई बात नहीं की है। मैं कोई प्रेसिडेंट मटेरियल नहीं हूं। मेरी कोई रूचि और ना ही कोई दिलचस्पी है। अपने शराबबंदी अभियान को लेकर बोले- हमें किस चीज में दिलचस्पी है यह सबको पता है। मुझे समाज सुधार अभियान में दिलचस्पी है, शराबबंदी में हम लगातार काम कर रहे हैं। राष्ट्रपति बनने की कोई आकांक्षा, इच्छा नहीं है, इसमें कोई सही बात नहीं है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष बोले- नीतीश का राष्ट्रपति बनना गौरव की बात
कल कांग्रेस के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष और MLC समीर सिंह ने कहा था कि बिहार का कोई नेता देश का राष्ट्रपति बनता है तो यह गौरव की बात होगी। बिहारी होने के नाते हम स्वागत करेंगे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, राष्ट्रपति पद के लिए योग्य हैं। वे केन्द्र में मंत्री रहे और बिहार में कई बार मुख्यमंत्री रहे। इसलिए वे देश में किसी भी बड़े पद के लायक हैं। वे अगर राष्ट्रपति उम्मीदवार बनें तो समर्थन का फैसला राहुल गांधी ही करेंगे। बिहार से डॉ. राजेन्द्र प्रसाद के बाद कोई नेता राष्ट्रपति बनता है तो हम उनका स्वागत करेंगे।
राजद नेता बोले- बिहारी होने के नाते वे राष्ट्रपति बनें मेरी शुभकामना है
वहीं, RJD के प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि नीतीश कुमार के लिए हवा बनाई जा रही है। जल्द ही BJP उनको मुख्यमंत्री पद से बेदखल करेगी। इसलिए यह हवा है। बिहार में नीतीश कुमार की पार्टी JDU को जनता ने ही तीसरे नंबर पर पहुंचा दिया। नीतीश कुमार आमजन की विश्वसनीयता खो चुके हैं। लेकिन, बिहारी होने के नाते वे राष्ट्रपति बनें मेरी शुभकामना है। नरेन्द्र मोदी से समाजवादी का सर्टिफिकेट पाकर नीतीश कुमार गदगद हैं। कई बार नीतीश कुमार ने नरेन्द्र मोदी का मजाक उड़ाया है, इसलिए BJP कभी राष्ट्रपति नहीं बनने देगी।
HAM सुप्रीमो और बिहार के पूर्व CM जीतनराम मांझी ने नीतीश कुमार का समर्थन किया था कहा था कि नीतीश कुमार राष्ट्रपति समेत सभी उच्च पदों के लिए योग्य हैं। वहीं, ग्रामीण विकास विभाग के मंत्री और JDU नेता श्रवण कुमार ने इस मुद्दे पर कहा था कि नीतीश कुमार राष्ट्रपति मटीरियल हैं, इसमें कोई दो राय नहीं है। कोई आपत्ति नहीं है। ये बात देश-दुनिया में सभी जानते हैं।



Leave a Reply