Breaking News

लालू यादव को कल कोर्ट सुनाएगी सजा, ऑनलाइन होगी कोर्ट की कार्रवाई

राष्ट्रीय जनता दल सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और अन्य 37 को रांची CBI की अदालत सोमवार को सजा सुनाने वाली है। चारा घोटाला के मामले में डोरंडा कोषागार से पैसे की निकासी को लेकर हुई सुनवाई के बाद CBI के विशेष जज एसके शशि दोषियों के लिए सजा का ऐलान करेंगे। कोर्ट की यह पूरी कार्रवाई वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए होने वाली है। बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार प्रशासन ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की तैयारी पूरी कर ली है।

राजद सुप्रीमो के लिए RIMS के पेइंग वार्ड में ही वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की व्यवस्था हो रही है। सजा पर सुनवाई दोपहर 12 बजे शुरू होने वाली है। इससे पहले ही जेल प्रशासन की ओर से लैपटॉप पेइंग वार्ड में पहुंचाने की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। इस मामले में जेल में बंद दूसरे आरोपियों के लिए होटवार जेल में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की व्यवस्था की गई है। एक बड़ी LED स्क्रीन पर सभी दोषी अपना फैसला सुनेंगे। किसी प्रकार की तकनीकी दिक्कत न हो। इसके लिए रविवार को अवकाश के बावजूद तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया।

जेल अधीक्षक हामिद अख्तर ने मीडिया से बातचीत में बताया कि अदालत के आदेश पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। समय पर सभी अभियुक्त वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में शामिल होंगे। इसकी तैयारी पूरी हो चुकी है। पेइंग वार्ड की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया जा रहा है। अगर कहीं कोई कमी नजर आती है तो इसे समय रहते ठीक कर लिया जाएगा।

950 करोड़ रुपए के देश के बहुचर्चित चारा घोटाले के सबसे बड़े (डोरंडा ट्रेजरी से 139.35 करोड़ रुपए के गबन) केस में मंगलवार को फैसला आ गया। CBI की विशेष अदालत ने RJD सुप्रीमो लालू यादव सहित 75 आरोपियों को दोषी करार दिया है। वहीं, 24 लोगों को बरी कर दिया। सजा का ऐलान 21 फरवरी को होगा। RJD सुप्रीमो को कोर्ट की ओर से दोषी करार देते ही पुलिस ने हिरासत में ले लिया। इसके बाद उनके वकील के अनुरोध पर उन्हें जेल न भेजकर RIMS में भेजा गया। लालू कागजी प्रक्रिया पूरी करने के लिए कोर्ट से होटवार जेल गए फिर वहां से रिम्स चले गए। 21 फरवरी तक वह यहीं रहेंगे।

जैसे ही RJD सुप्रीमो के दोषी करार देने की सूचना बाहर आई पटना से लेकर रांची तक उनके समर्थकों में मायूसी छा गई। कोर्ट परिसर RJD नेताओं से पटा है। पुलिस का पहरा सख्त कर दिया गया है। बताया जा रहा है मंगलवार को कोर्ट ने 3 साल से कम वालों को सजा सुनाई है। लालू सहित 10 लोगों की सजा अलग से सुनाई जाएगी। ऐसे में यह माना जा रहा है लालू को 3 साल से अधिक की सजा हो सकती है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.