Breaking News

मुजफ्फरपुर में सिलेंडर वि’स्फोट से 9 घरों में लगी आग, 50 लाख से अधिक संपत्ति का नुकसान

मुजफ्फरपुर के सकरा थाना क्षेत्र के कटेशर पंचायत में रविवार को घरेलू सिलेंडर विस्फोट हुआ। इससे देखते-देखते आसपास के नौ घरों में भीषण आग लग गई। विस्फोट गणेश राय के घर में हुआ था। उसका घर अर्धनिर्मित था। विस्फोट इतना तेज था कि छत और दीवार के परखच्चे उड़ गए। गांव में कोहराम मच गया। चीख-पुकार मच गई। लोग इधर-उधर भागने लगे। जान-माल और बच्चों की सुरक्षा में जुट गए। लेकिन, आग की लपटें इतनी तेज थी कि देखते-देखते 9 घर जलकर राख हो गए।

स्थानीय लोगों ने पानी और बालू-मिट्टी से आग पर काबू पाने का प्रयास किया। करीब 45 मिनट बाद मौके पर फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां पहुंची। दो घन्टे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। लेकिन, तबतक 50 लाख से अधिक की संपत्ति का नुकसान हो चुका था। लेकिन, जान-माल की क्षति नहीं हुई। सकरा थाना की पुलिस भी मौके पर मौजूद थी।

आग से संपत्ति जलकर राख।

आग से संपत्ति जलकर राख।

घर बनाने को मालिक से लिया था कर्ज
स्थानीय गणेश राय के घर मे सिलेंडर विस्फोट हुआ। जिससे अगल-बगल आग फैल गई। आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है। लोगों का कहना है कि पहले शार्ट सर्किट से आग लगी। तब सिलेंडर विस्फोट हुआ था। जिसके बाद आग की लपटों ने नौ घरों को आने आगोश में ले लिया। गणेश राय ट्रक का चालक है। उसने घर बनाने के लिए अपने मालिक से 7 लाख रुपये कर्ज के तौर पर लिया था। उसके घर में रखे 7 लाख रुपये कैश, जेवरात, इलेक्ट्रॉनिक्स सामान समेत 15 लाख की संपत्ति जलकर राख हो गई।

बेटी की शादी थी अगले महीने
उमेश राय अपनी बेटी की शादी अगले महीने करने वाले थे। घर में कैश के अलावा बेटी को देने के लिए जेवरात रखा था। आग लगने से उन्हें भी करीब 15 लाख का नुकसान हुआ है। कैश और जेवर समेत अन्य कीमती कपड़े जलकर राख हो गए। अब पीड़ित परिवार को बेटी की शादी की चिंता खाये जा रही है।

इन लोगों का उजड़ा आशियाना
गणेश राय और उमेश राय के अलावा महेश राय, सकल दीप राय, संजीत राय, लखिन्द्र राय, हरेंद्र राय, कुलदीप राय और अमरजीत राय का घर और सम्पत्ति जलकर राख हो गया। अधिकांश लोगों के घर कच्चा-पक्का था। कुछ हिस्सा ईंट का तो कुछ फुस और बांस-बल्ला लगाकर बनाया गया था।

अब रहने के लिए छत नहीं
अब इनलोगों के पास रहने के लिए छत भी नहीं है। रात कहां गुजारेंगे। इसकी चिंता सता रही है। अनाज भी जलेकर राख हो गया। खुद क्या खाएंगे और बच्चों को क्या खिलाएंगे। इसी गम में डूबे हुए हैं। गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। आसपास के जनप्रीतिनिधि भी मौके पर पहुंचे हुए हैं। वे लोग अपने स्तर से मदद करने को आगे आने की बात बोल रहे हैं।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.