Breaking News

गिरिराज बोले- पाक में लिखी गई हिजाब विवाद की स्क्रिप्ट, कहा- कुछ लोग गजवा-ए-हिंद का ख्वाब देख रहे

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा है, ‘हिजाब विवाद सिर्फ हिजाब को लेकर नहीं है। इसकी स्क्रिप्ट पाकिस्तान में लिखी गई है। सैकड़ों साल से वह गजवा-ए-हिंद का ख्वाब देख रहा है। एक बार भारत को तोड़ने में सफल हुए थे, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। हम भारत को टूटने नहीं देंगे। ऐसा ख्वाब देखने वालों को मुंहतोड़ जवाब देंगे।’ मंत्री शनिवार को मुजफ्फरपुर में एक कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे थे, वहीं उन्होंने कांग्रेस और सपा पर भी जमकर निशाना साधा।

सिंह ने कहा, ‘मैंने नवादा का एक वीडियो देखा था। उसे कुछ इसी तरह से प्रस्तुत किया गया था, जैसे गजवा-ए-हिंद हो। अब कोई हाईकोर्ट में जाकर कहे कि मैं भगवा कोट पहनकर आऊंगा। कोई कहे मैं क्लास रूम में नमाज पढ़ूंगा। क्या ये स्वीकार होगा? स्कूल एक शिक्षा का मंदिर है। इसे अखाड़ा नहीं बनाने का प्रयास करें। ये पाकिस्तान, अफगानिस्तान, सीरिया और लेबनान नहीं है। ये हमारा भारत देश है। इसकी एकता और अखंडता को तोड़ने का प्रयास नहीं करें। तीन तलाक कानून को लेकर महिलाओं और लड़कियों के दिल में PM नरेंद्र मोदी के प्रति सहानुभूति हो रही थी। इसी से घबराकर इन्होंने मासूम लड़कियों के मन में जहर घोल दिया। देश की एकता को तोड़ने का काम किया है। ये अब नहीं होगा।’

CM चन्नी देश को तोड़ने की बात कर रहे
उन्होंने कहा, ‘पंजाब में CM की कुर्सी पर बैठे चरणजीत सिंह चन्नी देश को तोड़ने की बात कह रहे हैं। सोनिया गांधी की पुत्री प्रियंका गांधी अपने को बहू कहने पर खिलखिला रही हैं। बिहार और उत्तर प्रदेश के लोगों को गाली दे रही हैं और दिलवा रहीं हैं। इसका परिणाम आने वाले चुनाव में पता चल जाएगा। जब इन्हें हिसाब देना पड़ेगा। कांग्रेस तुष्टिकरण की राजनीति करती है। यह उन्हें बहुत भारी पड़ने वाला है।’

महाराणा प्रताप देश के संस्कार-संस्कृति के प्रतीक: गिरिराज
मंत्री ने कहा, ‘कांग्रेस इस चुनाव में महाराणा प्रताप की तुलना अकबर से करके फंस गई है। महाराणा प्रताप देश के संस्कार और संस्कृति के प्रतीक थे। उन्होंने देश को जोड़ने का काम किया। अकबर आक्रांता और लुटेरा था।’ उन्होंने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा, ‘जिन्ना जो देश को तोड़ने वाला था, उसकी तुलना सरदार पटेल से कर दी गई। कांग्रेस और अखिलेश वोट पाने की खातिर कुछ भी कर सकते हैं, लेकिन देश की जनता सजग हो गई है। सरदार पटेल और महाराणा प्रताप के स्वाभिमान का बदला लेगी।’

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.