Breaking News

48 घंटे बाद बिहार में बढ़ेगी थोड़ी गर्मी, पछुआ हवा से सुबह-शाम पड़ेगी गुलाबी ठंड

बिहार में पछुआ हवा के प्रभाव से सुबह-शाम गुलाबी ठंड का एहसास हो रहा है। 10 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से राज्य में चल रही पछुआ हवा के प्रभाव से मौसम सुहावना हो रहा है। दिन में थोड़ी गर्मी के साथ रात में ठंड पड़ रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले दिनों में रात और दिन के तापमान का अंतर काफी कम होगा। इससे गर्मी बढ़ जाएगी। मौजूदा समय में रात का औसत तापमान जहां 10 से 12 डिग्री के बीच रहा, वहीं अधिकतम औसत तापमान 24 से 26 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।

4 दिन तक ऐसे बदल रहा मौसम

मौसम विभाग के मुताबिक, पछुआ व उत्तर पछुआ हवा का प्रवाह पूरे राज्य में सतह से 1.5 किलोमीटर ऊपर तक बना हुआ है। इसकी गति 8 से 10 किमी प्रतिघंटे की है। हवा के प्रभाव से राज्य में अगले 4 दिनों तक मौसम शुष्क बना रहेगा। इसके बाद पांचवें दिन दक्षिण पूर्वी भाग के एक या दो स्थानों पर हल्की बारिश या बूंदाबादी की संभावना है। रात के तापमान में अगले 24 घंटे तक कुछ खास परिवर्तन नहीं होगा। इसके बाद 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले समय में रात और दिन के तापमान में अंतर कम होगा। इससे गर्मी बढ़ेगी।

शुष्क बना रहेगा मौसम, दिन में गर्मी

मौसम विभाग के मुताबिक, बीते 24 घंटे में राज्य का मौसम पूरी तरह से शुष्क बना रहा। आसमान भी पूरी तरह से साफ रहा है। रात के तापमान में आंशिक परिवर्तन देखा गया है। रात में सबसे कम न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री सेल्सियस गया में दर्ज किया गया। वहीं राज्य का औसत न्यूनतम तापमान 10 से 12 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जबकि सर्वाधिक अधिकतम तापमान 26.3 डिग्री सेल्सियस शेखपुरा में दर्ज किया गया। राज्य का औसत अधिकतम तापमान 24 से 26 डिग्री के बीच रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक, मौसम में लगातार परिवर्तन देखा जा रहा है। फरवरी के अंत में थोड़ा कम बदलाव होगा, जबकि मार्च का माह आते ही मौसम पूरी तरह से गर्म हो जाता है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.