Breaking News

नीतीश बोले- चन्नी को पता नहीं पंजाब में कितने बिहारी

पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के बयान पर बिहार के CM नीतीश कुमार भड़क गए हैं। गुरुवार को उन्होंने चन्नी के बयान पर कड़ा एतराज जताते हुए कहा, ‘लोगों को नहीं पता है कि उनके प्रदेश के विकास में बिहार का कितना योगदान है। पता नहीं लोग क्या-क्या बोल देते हैं। उन्हें पता नहीं है कि उनके प्रदेश में कितने बिहार के लोग रहते हैं और बिहार के लोग पंजाब की कितनी सेवा करते है

उन्होंने कहा, ‘मुझे तो आश्चर्य होता है कि लोग इस तरह के बयान कैसे दे देते हैं? उन्हें कुछ पता नहीं होता है।’ वहीं, जब पूछा गया कि प्रियंका गांधी वहीं थीं तो मुख्यमंत्री ने कहा, ‘छोड़िए इस तरह की बातों का कोई मतलब नहीं है।’ उधर, सुशील मोदी और उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने भी चन्नी के बयान पर कड़ा ऐतराज जताया है।

‘प्रियंका को मांगनी चाहिए माफी’

बुधवार को BJP के राज्यसभा सांसद सुशील मोदी ने पंजाब के CM के बयान पर जबरदस्त नाराजगी जताई थी। उन्होंने बयान को शर्मनाक बताते हुए कहा था, ‘बिहारी इसके लिए प्रियंका गांधी और कांग्रेस को कभी माफ नहीं करेंगे। पंजाब के मुख्यमंत्री का बयान बेहद आपत्तिजनक और निंदनीय है।’

उन्होंने कहा, ‘चन्नी ने प्रियंका गांधी की मौजूदगी में बिहार-UP के लोगों से अपनी गहरी नफरत का इजहार किया। इसलिए प्रियंका गांधी को दोनों राज्यों की जनता से माफी मांगनी चाहिए। कांग्रेस यदि गलती से भी पंजाब में जीत गई, तो बिहार-UP के लोगों का वहां जीना दूभर हो जाएगा।’

चुनाव आयोग को संज्ञान लेना चाहिए: मोदी

मोदी ने कहा, ‘सरदार चन्नी को पता होना चाहिए कि यदि बिहार-UP के लोग पंजाब न जाएं तो उनके किसानों के लिए खेती करना और कारखाने चलाना मुश्किल हो जाएगा। पंजाब की समृद्धि में उन लोगों का पसीना लगा है, जिन्हें एक कांग्रेसी मुख्यमंत्री देखना नहीं चाहता। चन्नी का बयान देश में कहीं भी रोजी-रोजगार करने के सभी भारतीय नागरिकों के अधिकार पर चोट करने वाला है। कैप्टन अमरिंदर सिंह को हटा कर CM बनाए गए चन्नी राहुल गांधी की पसंद हैं। इसलिए पहले उन्होंने उनके इशारे पर प्रधानमंत्री मोदी की पंजाब रैली नहीं होने दी। सुरक्षा में लापरवाही बरती और अब वे दो राज्यों के विरुद्ध नफरत फैला रहे हैं। चुनाव आयोग को चन्नी के इस बयान को गंभीरता से संज्ञान में लेना चाहिए।’

इधर, उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने कहा है, ‘बिहार और UP के लोगों ने देश ही नहीं विश्व में अपनी मेहनत और प्रतिभा के बल पर पहचान बनाई है, लेकिन जिस तरह से कांग्रेस ने इन दोनों राज्यों के लोगों को अपमानित करने की कोशिश की है। इसका जवाब पंजाब की जनता भी कांग्रेस को देगी।’

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.