BIHARBreaking NewsSTATE

बाहुबली अनंत सिंह के लाडले ने लहराया परचम, घुड़दौड़ प्रतियोगिता में आया फर्स्ट

पटना. बिहार के मोकामा से राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के बाहुबली विधायक अनंत सिंह (Anant Singh) के घोड़े ने राज्यस्तरीय घोड़ा रेस प्रतियोगिता (State Level Competition) में अपना परचम लहराया है. जहानाबाद (Jehanabad) के प्रखंड के बढ़ौना हाई स्कूल में आयोजित घुड़दौड़ प्रतियोगिता (Horse Racing) में अनंत सिंह का घोड़ा लाडला भी शामिल हुआ और विजेता बनकर लौटा. तीन राउंड की इस प्रतियोगिता में विधायक के घोड़े ने प्रथम स्थान हासिल किया. लाडला घोड़े पर इस्माइल खान सवार थे.

प्रतियोगिता में दूसरे स्थान पर बिहार केसरी और अनंत सिंह के भाई विवेका पहलवान का घोड़ा बागी रहा जिस की सवारी शंभू यादव ने की. वहीं, तीसरे स्थान पर एक साथ तीन घोड़े पहुंचे जिसमें पहला घोड़ा महुआ के रहने वाले शक्ल राय का था, दूसरा घोड़ा पटना के रहने वाले रुदल गोप का था. जबकि तीसरा घोड़ा गया के रहने वाले बबलू मुखिया का था. सभी विजेताओं को ट्रॉफी और इनाम देकर सम्मानित किया गया.

जहानाबाद में पहली बार आयोजित हुई इस घोड़ा रेस प्रतियोगिता को देखने के लिए भारी भीड़ जुटी थी. दूर-दराज से क्षेत्रों से भी लोग इस प्रतियोगिता को देखने के लिए पहुंचे थे. पूरा मैदान दर्शकों से भरा पड़ा था. लोगों के लिए यह आयोजन बेहद खास था इसलिए कई लोग इस घुड़दौड़ प्रतियोगिता देखने के लिए आस-पास के पेड़ों पर भी चढ़े हुए थे.

इस प्रतियोगिता में पटना के अलावा मोकामा, गया, नालंदा, छपरा, डेहरी-ऑन-सोन, आरा से भी घोड़े आए थे. प्रतियोगिता का आयोजन स्थानीय विशाल कुमार द्वारा किया गया था. वहीं, मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए समाजसेवी निरंजन कश्यप उर्फ प्रिंस एवं राजीव नयन उर्फ राजू सिंह ने प्रतियोगिता में का उद्घाटन किया था.

बता दें कि अनंत सिंह को हाथी, घोड़ा और गाय पालने का काफी शौक है. उनके बारे में प्रचलित है कि उन्होंने सोनपुर पशु मेले से एक बार आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव का घोड़ा खरीद कर काफी सुर्खियां बटोरी थी. अनंत सिंह को घोड़े की सवार पसंद है. उनकी अक्सर घोड़े की सवारी करते हुए तस्वीरें आती रही हैं.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.