BIHARBreaking News

बिहार : आधी रात दुल्हन के कमरे में घुसी पुलिस, जानें मामला…

एक बार फिर बिहार पुलिस पर आधी रात में नई नवेली दुल्हन के कमरे के अंदर घुसने का मामला सामने आया है। परिजनों ने मारपीट करने का भी आरोप लगाया है। पुलिस छत के रास्ते घर के अंदर घुसी है। इसके बाद जबरन दुल्हन का कमरा खुलवाया और रात में ही तलाशी ली गई। मामला सासाराम के लखनू सराय मोहल्ले का है।

पुलिस रामजी महतो के घर में घुसी थी। जबरन दुल्हन का कमरा खुलवाने का परिजनों ने विरोध किया। इस बीच पुलिस ने छत पर ले जाकर एक युवक की पिटाई भी कर दी। रात में आधार कार्ड समेत अनेक डॉक्युमेंट्स भी मांगे गए। परिजनों के साथ तीखी नोकझोंक भी हुई है। उन्होंने इसका वीडियो बना लिया, जो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा है। स्थानीय लोग भी पुलिस की इस कार्रवाई का विरोध कर रहे हैं। लोगों में काफी आक्रोश है।

बता दें, इससे पहले पटना में भी शराब खोजते हुए पुलिस दुल्हन के कमरे में घुस गई थी। इसकी आलोचना विपक्ष ने की थी। जब बहुत हंगामा हुआ था।

दुल्हन से भी सवाल किया गया

रामजी महतो परिवार की एक महिला सदस्य ने बताया, ‘मेरे पति और भैसुर के साथ पुलिस ने मारपीट की है। आधी रात में पुलिस घर के भीतर कैसे घुस सकती है। एक दिन पहले ही दुल्हन घर में आई थी। पुलिस के इस रवैए से दुल्हन पूरी तरह से डर गई। वह खौफ में आ गई। मना करने के बावजूद पुलिस दुल्हन से भी सवाल करने लगी। घर की महिलाओं से यहां तक पूछा गया कि वो किसके साथ सोई हुई है।’

वहीं, इस संबंध में सासाराम नगर थानाध्यक्ष संजय सिन्हा ने बताया, ‘मामला 8 फरवरी का है। जिसके घर में रेड हुई, उसके यहां एक हत्यारोपी के छुपने का अंदेशा था। पुलिस ने बहुत देर तक दरवाजे को खोलने को कहा, लेकिन घरवालों ने जानबूझकर देरी की। तब मजबूरन पुलिस को छत के रास्ते घर में प्रवेश करना पड़ा। पुलिस ने किसी के साथ कोई मारपीट नहीं की है।’

शादी करने वाला है आरोपी

पुलिस के मुताबिक, हत्या का आरोपी श्रवण कुमार को खोजने पुलिस गई थी। शक था कि वह रामजी महतो के घर में ही छिपा है, लेकिन वह पुलिस के हाथ नहीं लगा है। पुलिस का कहना है कि लोगों ने आरोपी को भगा दिया। आरोपी श्रवण कुमार के खिलाफ रोहतास और कैमूर दोनों जिले में केस दर्ज है। नगर थानाध्यक्ष संजय सिन्हा ने बताया कि आरोपी वारंटी शादी भी कर रहा था। तिल्कोत्सव के बाद वह छिप गया है।

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.