Breaking News

अनूठे तरीके से हो रही सुशील मोदी के बेटे की शादी, शादी में जरूर-आना, नहीं तो ऑनलाइन जुड़ जाना

बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी अपने छोटे बेटे की शादी करने वाले हैं। यह शादी अपने आप में अनूठी होने वाली है। दरअसल, सुशील मोदी अपने छोटे बेटे अक्षय की शादी नोएडा में करेंगे। लेकिन, सुशील मोदी ठहरे बिहार के नेता तो बिहार के लोगों को आमंत्रण देना कैसे भूल जाते। उन्होंने बिहार के लोगों को आमंत्रण देना शुरू किया है। यह शादी नोएडा में 19 फरवरी 2022 को होनी है और यह वैवाहिक कार्यक्रम दोपहर 12:15 बजे से शुरू होकर 3:00 बजे तक चलेगा।

लेकिन, बिहार के लोग इस में कैसे शामिल होंगे? सुशील मोदी ने इसका नायाब तरीका ढूंढ लिया है। सुशील मोदी सबको डिजिटल कार्ड भेज रहे हैं। इसके साथ ही उस कार्ड में यह भी लिखा है कि आप इस वैवाहिक कार्यक्रम में ऑनलाइन शामिल हो सकते हैं। इसके लिए अलग से आपको लिंक दिया जाएगा। जो सुशील मोदी के शुभचिंतक होंगे, उनके लिए अलग से लिंक दिया जाएगा। ताकि वह शादी में ऑनलाइन शामिल हो सकें।

19 फरवरी को दिन में होगी छोटे बेटे की शादी
सुशील मोदी अपने छोटे बेटे एडवोकेट अक्षय की शादी सुधीर घिल्डियाल और पुष्पा घिल्डियाल की बेटी स्वाति से करने वाले है। यह शादी 19 फरवरी को दिन में आयोजित की जाएगी। अपने बड़े बेटे की तरह यह शादी दोपहर 12:15 से लेकर 3:00 बजे तक होगी। सुशील मोदी ने अपने कार्ड में स्नेह आकांक्षी के रूप में अपना नाम अपनी पत्नी जेस्सी सुशील मोदी का नाम और अपने बड़े बेटे उत्कर्ष तथागत और उनकी पत्नी यामिनी उत्कर्ष मोदी का नाम दिया है। वहीं सुशील मोदी ने इस कार्ड में अपना नंबर और ईमेल आईडी देते हुए यह लिखवाया है कि विवाह संस्कार के ऑनलाइन आवेदन हेतु लिंक अलग से भेजा जाएगा।

बड़े बेटे की शादी में शामिल हुए लालू प्रसाद यादव।

बड़े बेटे की शादी में शामिल हुए लालू प्रसाद यादव।

बड़े बेटे की शादी में भोज की जगह नैवेद्यम प्रसाद बंटवाया था
सुशील मोदी ने अपने बड़े बेटे उत्कर्ष तथागत की शादी 3 दिसंबर 2017 को यामिनी के साथ की थी। पटना के वेटनरी कॉलेज मैदान में सुशील मोदी ने यह शादी दिन में रखी थी। लेकिन इस शादी को अनोखा बनाने के लिए उन्होंने किसी को भी भोजन नहीं कराया था। पटना के महावीर मंदिर के नैवेद्यम प्रसाद को सारे मेहमानों के बीच बंटवाया था।

इस शादी को नायाब बनाने के लिए सुशील मोदी मुंबई से संगीतमय शादी कराने वालों को बुलाया था और शादी के मंत्र संगीत के धुनों पर पढ़े जा रहे थे। सुशील मोदी के बड़े बेटे की शादी में देश के बड़े दिग्गज नेता भी शामिल हुए थे। खास तौर पर उनके राजनैतिक प्रतिद्वंद्वी लालू प्रसाद यादव भी शामिल हुए थे और पूरी शादी में RJD सुप्रीमो लालू यादव रहे और वर-वधु को आशीर्वाद दिया था।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.