नई दिल्ली: रविवार को भारत रत्न और देश की स्वर कोकिला लता मंगेशकर (Lata Mangeshkar) ने दुनिया को अलविदा कह दिया. उन्होंने मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में आखिरी सांस ली. यहां वो कोरोनाग्रस्त होने के बाद लगभग 28 दिनों से भर्ती थीं. राजकीय सम्मान के साथ मुंबई के शिवाजी पार्क में उन्हें अंतिम विदाई दी गई. राजनीति और फिल्मी दुनिया से जुड़ी तमाम हस्तियां लता मंगेशकर को अंतिम विदाई देने पहुंचीं. इस मौके पर शाहरुख खान (Shahrukh Khan) भी लता मंगेशकर को श्रद्धांजलि देने पहुंचे थे.
इस दौरान शाहरुख खान की मैनेजर पूजा ददलानी भी उनके साथ थीं. लता मंगेशकर के अंतिम संस्कार से पहले शाहरुख खान उनके अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे. इस दौरान उन्होंने दुआ मांगी और फूंकने की रस्म अदा की. लेकिन, ट्रोलर्स कहां बाज आने वाले थे. उन्होंने शाहरुख खान के इस दुआ मांगते और फूंकते हुए वीडियो को यह कहकर ट्रोल करने लगे कि दुआ मांगने के बाद उन्होंने थूका है. लोगों ने इस वीडियो का बेहद ही असंवेदनशील और गलत मतलब निकाल लिया.
कई लोगों ने उनके वीडियो को ट्विटर पर डाल कर किंग खान पर निशाना साधने की कोशिश की. लेकिन, उनका लता मंगेशकर को यूं सम्मान देना लोगों को काफी पसंद आया. कई लोग सोशल मीडिया पर शाहरुख खान के सपोर्ट में उतर गए और धड़ाधड़ ट्वीट कर डाले. लोगों ने ट्रोलर्स को वीडियो दोबारा देखने और संवेदनशील बनने की नसीहत दे डाली. साथ ही शाहरुख खान और उनकी मैनेजर पूजा ददलानी की एक तस्वीर को लोग खूब शेयर कर रहे हैं.


दरअसल, इस तस्वीर में शाहरुख खान और पूजा ददलानी आसपास खड़े हैं. शाहरुख खान जहां दुआ मांग रहे हैं वहीं, उनकी मैनेजर हाथ जोड़कर प्रणाम कर रही हैं. लोगों को उनकी यह तस्वीर बेहद भा रही है और इसे देश का आइना बता रहे हैं. दिलीप कुमार के निधन पर भी शाहरुख खान जब सायरा बानो को संभालते दिखे तो उन्हें काले चश्मे पहनने के लिए टारगेट किया गया और पूछा गया कि वो इतनी स्टाइल में क्या डॉन 3 के सेट पर आए हैं या फिर किसी के निधन पर शोक जताने.
एक ट्विटर यूज़र ने शाहरुख खान और पूजा ददलानी की तस्वीर पर लिखा -‘इसे थूकना नहीं दुआ पढ़कर फूंकना कहते हैं, दुआ है ये.’ एक और यूज़र ने शाहरुख खान और उनकी मैनेजर पूजा ददलानी की तस्वीर पर कमेंट किया – ‘ये इतनी खूबसूरत तस्वीर है.’ उनके जवाब में एक और यूज़र ने लिखा – ‘इस तस्वीर का आईडिया भी इस देश के दोगले और अलगाववादियों को पसंद नहीं आता है. बहुत खराब, ऐसा देश बनाने के लिए ही हमें लड़ते रहना है.’
शर्म करिए एक और यूज़र ने लिखा – ‘शाहरुख खान जैसा कोई नहीं है और कोई कभी होगा भी नहीं. आपकी नफरत हमें उनसे और प्यार करने को, उन्हें और सम्मान देने को मजबूर करती है. आप लोगों को शर्म आनी चाहिए.’



Comment here