गोपालगंज. बिहार में शराबबंदी कानून (Liquor Ban In Bihar) को सख्ती से पालन कराने के लिए प्रशासन लगातार अभियान चला रहा है. लेकिन, धंधेबाज शराब की तस्करी (Liquor Smuggling) से बाज नहीं आ रहे, और इसके लिए तरह-तरह के हथकंडे अपना रहे हैं. ताजा मामला गोपालगंज (Gopalganj) का है जहां परचून सामान के अंदर छिपा कर दिल्ली से पटना (Delhi To Patna) भेजी जा रही अंग्रेजी शराब (Foreign Made Liquor) की बड़ी खेप बरामद की गई है. यहां के कुचायकोट थाना क्षेत्र के बलथरी चेक पोस्ट पर उत्पाद विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए ट्रक को जब्त किया. साथ ही यूपी के इटावा निवासी ट्रक चालक लेखापाल शर्मा और बीरेश को इस आरोप में गिरफ्तार किया है.
उत्पाद अधीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि वाहन चेकिंग के दौरान ट्रक की जब तलाशी ली गयी तो उसमें रखे पांच कार्टन अंग्रेजी शराब बरामद की गयी जिसे पटना के किसी शराब माफिया को सप्लाई की जानी थी. उन्होंने कहा कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ की गयी है जिसमें पटना के शराब माफिया का नाम सामने आया है. इसके बाद पुलिस की एक टीम पटना में छापेमारी के लिए रवाना की गयी है. उत्पाद अधीक्षक ने कहा कि शराब तस्करों की गिरफ्तारी के लिए लगातार रेड डाली जा रही है.

बता दें कि गोपालगंज पुलिस ने पिछले सप्ताह प्रचार वाहन से भारी मात्रा में शराब बरामद किया था. बरौली में वाहन में विशेष रूप से बनाए गए तहखाने में छिपाकर रखी गयी 202 लीटर विदेशी शराब मिली थी. जब्त शराब की अनुमानित कीमत तकरीबन 25 लाख रुपये बतायी गयी थी. इस मामले में हरियाणा के रहने वाले दो शराब तस्कर उत्तम कुमार और ललित कश्यप की गिरफ्तारी हुई थी.



Comment here