RRB-NTPC रिजल्ट में धांधली के आरोप में सीतामढ़ी में भी बड़ा हंगामा हुआ है। मंगलवार को शहर के मेहसौल रेलवे ओवरब्रिज के पास सैकड़ों की संख्या में पहुंचे उम्मीदवारों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। सड़क जाम की सूचना पर स्थानीय मेहसौल ओपी पुलिस, नगर थाना पुलिस के साथ सीओ घटना स्थल पर पहुंचे।

छात्रों को समझाने की कोशिश की गई। लेकिन छात्र काफी उग्र दिख रहे थे। जिसको लेकर मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने अपने वरीय अधिकारियों को सूचना दी। इसके बाद डीएसपी रामाकांत उपाध्याय घटनास्थल पर पहुंचे। इस दौरान छात्रों के द्वारा सीतामढ़ी रेलवे स्टेशन परिसर को चारों तरफ से घेर लिया गया। काफी समझाने के बाद भी जब छात्र नहीं माने तो पुलिस को हवाई फायरिंग करनी पड़ी। इसके बाद छात्रों ने जमकर रोड़ेबाजी भी की।
छात्रों की पत्थरबाजी में कई पुलिसकर्मी व मीडियाकर्मियों के भी जख्मी होने की सूचना है। सभी का सदर अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। घटनास्थल पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। लेकिन हालात अभी भी तनावपूर्ण हैं। पुलिस के द्वारा लगातार आक्रोशित छात्रों को समझाने की कोशिश की जा रही है। इधर, हंगामे के कारण सीतामढ़ी शहर में 2 घंटे से भगदड़ जैसा माहौल है।








Leave a Reply