RRB-NTPC के रिजल्ट में धांधली का आरोप लगाते हुए मंगलवार को नालंदा, नवादा, बक्सर, आरा और मुजफ्फरपुर में कैंडिडेट ने रेलवे ट्रैक पर जोरदार प्रदर्शन किया। इसकी वजह से नालंदा में आउटर पर दिल्ली जा रही श्रमजीवी और दिल्ली से आने वाली श्रमजीवी ट्रेन रुकी रही। वहीं, बक्सर में अहमदाबाद-बरौनी एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेन का परिचालन बाधित रहा। इधर, मुजफ्फरपुर जंक्शन पर भी आक्रोशित छात्रों ने ट्रेनें रोक दी। नवादा में भी पुलिस पर रोड़ेबाजी की गई और मेंटेनेंस ट्रेन में आग लगा दी गई।
बता दें, सोमवार को पटना में कैंडिडेट्स ने राजेंद्र नगर टर्मिनल सहित मेन रूट के अलग-अलग स्टेशनों पर ट्रैकों का जाम कर दिया था। उसी का असर अगले दिन आज नालंदा और अन्य जिलों में भी देखने को मिला।आंदोलन को देखते हुए भारी संख्या में RPF और रेलवे के अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। हाथों में बैनर लेकर छात्र प्रदर्शन कर रहे हैं और उनकी मांग है कि ग्रुप डी में CBT-2 की परीक्षा लेने की जो बात कही जा रही है उसे खत्म किया जाए।
बताया जाता है कि अधिकारी ट्रैक से हटने की विनती करते रहे, लेकिन छात्रों ने उनकी एक न सुनी। इसके बाद पुलिस ने बल प्रयोग कर छात्रों को खदेड़ दिया। देखते ही देखते रेलवे ट्रैक पर भगदड़ मच गई। 2 घंटे बाद श्रमजीवी एक्सप्रेस खुली।


पुलिस ने लाठीचार्ज कर आक्रोशित छात्रों को खदेड़ा।
कौन-कौन सी ट्रेन हुई प्रभावित
- राजगीर-नई दिल्ली श्रमजीवी एक्सप्रेस अप डाउन 12391-12392
- दानापुर राजगीर इंटरसिटी -13234
- राजगीर- बख्तियारपुर पैसेंजर 03623
- इसके अलावा करीब आधा दर्जन मालगाड़ी ट्रैक जाम रहने की वजह से प्रभावित हो रही है।

बक्सर स्टेशन पर रेलवे ट्रैक पर उतरे छात्र।
नवादा में आक्रोशित छात्र रेलवे ट्रैक पर उतरे
वहीं, नवादा में भी अभ्यर्थियों का आंदोलन शुरू हो गया है। सैकड़ों अभ्यर्थियों ने नवादा रेलवे स्टेशन पर पहुंचकर रेल ट्रैक को जाम कर नारेबाजी की। छात्र संघ के जिला अध्यक्ष कुंदन राज ने बताया कि परीक्षा के बाद बोर्ड नियमों में परिवर्तन करके रिजल्ट जारी करता है। इसके कारण मेधावी छात्रों का रिजल्ट नहीं हो पाता है। बोर्ड जो भी नियम बनाए परीक्षा के पहले बनाए। ताकि हम लोग उसी तरह से तैयारी करें। इस बार के रिजल्ट में रुपए का खेल चला है। इसके कारण रिजल्ट में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी की गई है। अब रेलवे भर्ती बोर्ड ग्रुप डी के परीक्षा में गड़बड़ी कर रहा है।
मुजफ्फरपुर जंक्शन पर छात्रों ने रोकी ट्रेनें
मुजफ्फरपुर में परीक्षार्थियों ने जमकर बवाल किया। मुजफ्फरपुर जंक्शन पर बरौनी-गोंदिया एक्सप्रेस समेत दो ट्रेनों को रोक दिया। जमकर प्रदर्शन और हंगामा करने लगे। ट्रेन रोके जाने की सूचना पर RPF और GRP के अधिकारी और जवान पहुंचे। परीक्षार्थियों को समझाने का प्रयास कर रेलवे ट्रैक से हटने को कहा गया। ताकि ट्रेनों का परिचालन हो सके, लेकिन परीक्षार्थियों ने किसी की नहीं सुनी। इसे लेकर RPF और GRP जवानों के साथ जमकर नोकझोंक हुई। फिलहाल ट्रैक पर परीक्षार्थियों के कब्जा है। ट्रेनों का परिचालन ठप है।

छात्रों ने आरा जंक्शन पर मालगाड़ी को रोक दिया।
आरा में मालगाड़ी को छात्रों ने रोका
इधर, आरा भी छात्रों का उग्र रूप देखने को मिला। ग्रुप D के परीक्षा में बदलाव से नाराज परिक्षार्थियों ने आरा रेलवे स्टेशन के पश्चिमी छोर पर मालगाड़ी को रोक दिया। सैकड़ों छात्र रेलवे ट्रैक पर उतर आए और हंगामा किया। इससे रेलवे परिचालन पूरी तरह बाधित हो गई। यहां सोमवार को भी छात्रों ने प्रदर्शन किया था।



Leave a Reply