पश्चिमी विक्षोभ के मजबूत होने और दक्षिणर पूर्वी हवाओं की वजह से फिलहाल मौसम में कोई खास बदलाव नहीं होगा। सोमवार को पटना समेत बिहार के सभी भागों में गरज के साथ हल्की बारिश होगी। बिजली भी चमकेगी पर सोमवार को सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार में बारिश व बादल नहीं गरजेंगे। जहानाबाद, सारण, नवादा और आरा में ओला गिरने का भी अलर्ट है। राज्य में बारिश और ओलावृष्टि के बाद रात के तापमान में 3 से 4 डिग्री कमी का पूर्वानुमान है।
25 जनवरी को मध्यम बारिश की संभावना है। 26 को मौसम शुष्क हो जाएगा। उसके बाद न्यूनतम पारा में 3 से 4 डिग्री की गिरावट होगी और अधिकतम पारा बढ़ेगा। ठंड हवा से कनकनी में इजाफा होगा, पर कोल्ड डे नहीं रहेगा। रविवार को पटना में 1.2 MM बारिश हुई। सबसे ज्यादा जमुई के गढ़ी में 28 MM बारिश हुई।
छपरा रहा सबसे सर्द, यहां का न्यूनतम पारा 10.3 डिग्री
इधर, रविवार से मौसम में हुए बदलाव की वजह से पटना समेत सूबे के ज्यादातर हिस्सों का न्यूनतम पारा बढ़ गया, जबकि अधिकतम पारा में गिरावट दर्ज की गई है। इस वजह से कोल्ड डे के हालात बने रहे। सोमवार को छपरा सबसे सर्द रहा। यहां का न्यूनतम पारा दो डिग्री बढ़कर 10.3 डिग्री दर्ज किया गया। पटना का न्यूनतम पारा में 5.6 डिग्री की बढ़ोतरी हुई और 13.8 डिग्री दर्ज किया गया।

आकाशीय बिजली के साथ मेघ गर्जन की संभावना
सोमवार को 24 घंटे में बिहार के उत्तर पश्चिम बिहार के 5 जिलों पश्चिम चंपारण, सीवान, सारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज तथा दक्षिण पश्चिम बिहार के 6 जिलों बक्सर, भोजपुर, रोहतास, भभुआ, औरंगाबाद, अरवल तथा दक्षिण मध्य भाग के 8 जिलों पटना, गया, नालंदा, शेखपुरा, नवादा, बेगूसराय, लखीसराय, जहानाबाद के अनेक स्थानों पर हल्की से माध्यम बारिश और आकाशीय बिजली के साथ मेघ गर्जन की संभावना है।

नालंदा में सुबह से कोहरा छाया रहा।
4 जिलों को लेकर विशेष चेतावनी
मौसम विभाग के मुताबिक, राज्य के 4 जिलों जहानाबाद, नवादा, भोजपुर और सारण में ओला गिरने की संभावना है। वहीं, दूसरे दिन यानी मंगलवार को उत्तर पश्चिम के पश्चिम चंपारण, सीवान, सारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज और उत्तर मध्य के सीतामढ़ी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली, शिवहर, समस्तीपुर और दक्षिण मध्य के पटना, गया, नालंदा, शेखपुरा, नवादा, बेगूसराय, लखीसराय, जहानाबाद के कुछ भागों एवं दक्षिण पश्चिम बक्सर, भोजपुर, रोहतास, भभुआ, औरंगाबाद, अरवल और उत्तर पूर्व के सुपौल, अररिया, किशनगंज, मधेपुरा, सहरसा, पूर्णिया, कटिहार तथा दक्षिण पूर्व के भागलपुर, बांका, जमुई, मुंगेर, खगड़िया के कुछ भागों पर एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम स्तर की बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले 48 घंटे में रात के तापमान में कोई परिवर्तन नहीं होगा और इसके बाद रात के तापमान में 3 से 4 डिग्री तक की गिरावट हो सकती है।

नवादा में पिछले 24 घंटे में हल्की बारिश हुई।
गया में आठ साल का टूटा रिकॉर्ड, पटना में करीब
गया में जनवरी में एक दिन में हुई बारिश का 8 साल का रिकॉर्ड रविवार को टूट गया। रविवार को गया में 16.6 MM बारिश हुई। इससे पहले जनवरी 2014 में 11 जनवरी को 32.1 MM बारिश हुई थी। जनवरी में इस साल गया में 18.5 MM बारिश हो चुकी है। इससे पहले 2016 में गया में जनवरी में 25.3 MM बारिश हु्ई थी। वहीं, इस साल पटना में जनवरी में 8 साल का रिकॉर्ड टूट सकता है। पटना में जनवरी में अबतक 15.1 MM बारिश हो चुकी है, जबकि जनवरी 2014 में पटना में 16.6 MM बारिश हुई थी। पटना में इस साल जनवरी में 13 जनवरी को 13.9 MM वर्षा हुई थी।
जनवरी में अभी 8 दिन बचे हुए हैं। पूर्वानुमान में सोमवार को भी हल्की से मध्यम बारिश होने की बात कही गई है। अगर जनवरी में अब पटना में 1.5 बारिश हो जाती है तो आठ साल का रिकॉर्ड टूट जाएगा। भागलपुर में जनवरी में 0.2 MM बारिश हुई, जबकि पूर्णिया में इस माह में अब तक 4 MM बारिश हुई। 2021 के जनवरी में पटना, गया, पूर्णिया, भागलपुर समेत ज्यादातर हिस्सों में बारिश नहीं हुई थी।



Leave a Reply