रांची. यह सभी जानते हैं कि रांची के शैंबो स्थित फार्म हाउस में महेंद्र सिंह धोनी (Mahendra Singh Dhoni) लंबे समय से खेती कर रहे हैं और किसानी में भी उन्होंने खुद को बेहतर साबित किया है. धोनी के फार्म हाउस (MS Dhoni Farm House) में इस बार सरसों की पीली फसल लहरा रही है. 43 एकड़ के फार्म हाउस में सरसों का यह खेत लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच रहा है. खुद एमएस धोनी भी अपने सरसों के खेत के सम्मोहन में फंसते नजर आए. उन्होंने बकायदा खेत के बीच खड़े होकर अपनी तस्वीर खिंचाई. इस तस्वीर में धोनी के साथ उनके कृषि सलाहकार रोशन भी नजर आ रहे हैं.
आपको बता दें कि करीब एक हफ्ते से धोनी सपरिवार रांची में ही हैं और अपने सिमलिया स्थित आवास पर क्वालिटी टाइम गुजार रहे हैं. सूत्रों के अनुसार माही अक्सर अपने फार्म हाउस पर जाते रहते हैं और फार्म हाउस में उपजे फलों का स्वाद भी लेते नजर आ रहे हैं. करीब 4 दिन पहले जब माही फार्म हाउस पहुंचे तो अचानक उनकी नजर सरसों के खेत पर पड़ी. वह फार्म हाउस में लहरा रही सरसों के खेत की तारीफ करने से खुद को रोक नहीं सके. उन्होंने सरसों के खेत के बीच खड़े होकर एक के बाद एक कई तस्वीरें खिंचाई.

धोनी के कृषि सलाहकार रोशन बताते हैं कि फार्म हाउस में इंटर क्रॉपिंग के तहत सरसों की फसल लगाई गई है. इसमें सरसों के पौधे के बीच मटर के पौधे लगाए गए हैं. दरअसल इंटरक्रॉपिंग के तहत एक ही खेत में एक से ज्यादा फसल लगाई जाती है कि जिससे अच्छी पैदावार होती है. इस बार 43 एकड़ के फार्म हाउस में बड़े पैमाने पर स्ट्रॉबेरी, गोभी, अदरख, शिमला मिर्च, पत्तागोभी समेत कई सब्जियों की खेती की गई है.
रोशन बताते हैं कि धोनी हरी सब्जियों के फैन हैं और जब भी रांची में रहते हैं फार्म हाउस की हरी सब्जियां ही खाना पसंद करते हैं. हालांकि हर बार की तरह इन सब्जियों को रांची के बाजारों में भी भेजा जा रहा है जहां माही के दो आउटलेट पर इन सब्जियों को बेचा जा रहा है. धोनी के खेत में लगा रही सरसों दरअसल सेल्फी प्वाइंट भी बनता जा रहा है. इसकी खूबसूरती ऐसी है कि यहां काम करने वाले कर्मचारी भी सरसों के खेत में आकर अपनी तस्वीरें खींच आना नहीं भूलते.



Leave a Reply