BIHARBreaking NewsSTATE

ऐन मौके पर बिहार पुलिस की बंदूकों ने दिया धोखा, राजकीय सम्मान में हुई किरकिरी

बिहार पुलिस की बंदूकों ने एक बार धोखा दिया है। ताजा मामला, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के दिवगंत नेता और पूर्व मंत्री हरिनारायण सिंह की अंतिम विदाई पर आयोजित राजकीय सम्मान का है। यहां दिवंगत नेता को सलामी देने के लिए जैसे ही पुलिस को फायर करने का निर्देश मिला तो बंदूकों ने धोखा दे दिया। सबके सामने पुलिस की किरकिरी हो गई। वहीं मौके पर मौजूद अधिकारी हैरान रह गए।   

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

आरा में पुलिस की बंदूक से फायर ना होने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। राजद के कद्दावर नेता और बिहार सरकार में वित्त राज्यमंत्री रहे हरिनारायण को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी जा रही थी। इस दौरान ऐन मौके पर पुलिस की बंदूकें गच्चा दे गईं। इससे मौके पर मौजूद अधिकारियों और जवानों की किरकिरी हुई। इससे पहले भी आरा में शहीद जवान की अंतिम विदाई के दौरान पुलिस की बंदूक ने धोखा दिया था।

अवाक रह गए डीएसपी से लेकर अन्य अधिकारी

वायरल हो रहे वीडियो में साफतौर पर दिख रहा है कि पूर्व मंत्री की अंत्येष्टि के दौरान पुलिस ने उन्हें राजकीय सम्मान के तहत बंदूक से सलामी देने की जैसे ही कोशिश करती है, तभी बंदूकें धोखा दे जाती हैं। इसे देखकर वहां मौजूद डीएसपी किशोर रंजन से लेकर अन्य अधिकारी अवाक रह जाते हैं। कुछ लोग जवानों को राइफल सही तरीके से रखने की सलाह देते हैं। अधिकारी उनकी बात मानकर जवानों को सही तरीके से हथियार ऊपर रखने का निर्देश देते हैं।

पहले भी बंदूक ने दिया है धोखा

कुछ बंदूकों से निकली गोलियों ने अंतिम विदाई के तौर पर दी जाने वाली सलामी की भरपाई की। मगर कुछ ने धोखा दे दिया। इससे पहले आरा में शहीद जवान रमेश रंजन की अंतिम विदाई को दौरान पुलिस की बंदूकें धोखा दे गई थीं। वहीं बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जगन्नाथ मिश्रा को भी अंतिम विदाई देते समय बंदूकों ने धोखा देकर पुलिस की किरकिरी कराई थी।

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.