BIHARBreaking NewsSTATE

मुजफ्फरपुर में 24 घंटे में 155 नए पॉजिटिव केस,11 डॉक्टर, 6 पुलिस और विधायक संक्रमित

कोरोना संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। बुधवार को सबसे अधिक 123 मामले सामने आए थे, लेकिन काेराेना की तीसरी लहर में गुरुवार को अबतक सबसे अधिक 155 पॉजिटिव मिले। संक्रमितों में विधायक, एसकेएमसीएच के 11 डॉक्टर, आईजी ऑफिस के 6 पुलिसकर्मी और सदर अस्पताल का लैब टेक्नीशियन भी शामिल है। जंक्शन पर 17 कोरोना मरीज पाए गए, जबकि अन्य सदर अस्पताल और आईजी ऑफिस में हुए जांच में पॉजिटिव मिले। जिले में अब कुल एक्टिव मरीजों की संख्या 405 हो गई है। सभी का इलाज होम आइसोलेशन में चल रहा है।

मीनापुर पीएचसी में विधायक राजीव कुमार यादव उर्फ मुन्ना यादव की जांच एंटीजन किट से हुई। वे पॉजिटिव पाए गए। फिलहाल वे होम आइसोलेशन में हैं। अस्पताल के प्रभारी डॉ. राकेश कुमार ने बताया कि 316 लोगों की जांच की गई। इनमें से एकमात्र विधायक की रिपोर्ट पॉजिटिव है।

इधर, सकरा रेफरल अस्पताल में जांच के दौरान दुकानदार, छात्र और एक निजी संस्था का कर्मी संक्रमित मिला। संक्रमितों को होम आइसोलेशन में रहने की सलाह दी गई है। जंक्शन पर कोरोना की जांच करने वाला एक लैब टेक्नीशियन भी पॉजिटिव मिला। विधायक मुन्ना यादव ने बताया कि उनको बुखार या अन्य लक्षण नहीं है। उन्होंने RTPCR जांच के लिए भी सैंपल दिया है। फिलहाल उनके परिवार के सभी सदस्यों की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई।

प्रतिदिन 8 हज़ार लक्ष्य तय किया गया

मुजफ्फरपुर में अब कोविड जांच का प्रतिदिन 8 हज़ार लक्ष्य तय किया गया है। अब तक पांच-छह हजार के बीच सिमट कर रह जाता था। लेकिन, DM प्रणव कुमार ने सिविल सर्जन को इसे बढ़ाने का निर्देश दिया है। कहा है कि किसी भी हाल में 8 हज़ार से कम जांच नहीं कि जाए। जगह-जगह कोविड जांच काउंटर बनाया जाए। ताकि एक ही जगह पर अनावश्यक भीड़ नहीं जुटे।

DM ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जांच के क्रम में जो पॉजिटिव पाए जाते हैं, उन्हें मेडिकल किट उपलब्ध करावें। कॉल सेंटर से उनकी स्थिति से अवगत हुआ जाए। पर्याप्त संख्या में एंबुलेंस तैयार अवस्था में रखें। इसमें लापरवाही नहीं बरतें। अन्यथा लापरवाही सामने आने पर कार्रवाई की जाएगी।

अलर्ट मोड पर एम्बुलेंस सेवा

सिविल सर्जन डॉ विनय कुमार शर्मा ने बताया कि कॉल सेंटर से पॉजिटिव मरीजों की स्वास्थ्य की स्थिति की जानकारी दिन में दो बार ली जा रही है। 10 एंबुलेंस तैयार अवस्था में हैं। सेवा अलर्ट मोड पर है। उन्होंने बताया कि अस्पताल प्रशासन द्वारा कल 12:00 बजे मॉक ड्रिल किया जाएगा। सभी जांच केंद्रों पर पॉजिटिव पाए गए मरीजों को मेडिकल किट उपलब्ध कराया जा रहा है।

सभी PHC में बनेगा कॉल सेंटर

DM ने सभी प्रखंडों के प्रभारी वरीय पदाधिकारी को निर्देशित किया है कि कोविड-19 संक्रमण से सुरक्षा ,बचाव एवं मरीजों के उचित प्रबंधन के उद्देश्य से सभी प्रखंडों के PHC में 24x 7 के आधार पर कॉल सेंटर स्थापित करते हुए उन्हें क्रियाशील करें। कॉल सेंटर के माध्यम से पॉजिटिव पाए गए मरीजों से दूरभाष के माध्यम से उनकी स्वास्थ्य सबंधी जानकारी प्राप्त की जाय। उन्होंने निर्देश दिया कि रैपिड एंटीजन टेस्ट के द्वारा जांच के दौरान पॉजिटिव पाए गए मरीजों को तत्क्षण मेडिकल किट उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए तथा उन्हें होम आइसोलेशन के लिए अनुरोध किया जाए। यदि मरीजों में किसी भी तरह के लक्षण दिखाई देते हो तो तत्काल चिकित्सा दल के माध्यम से उनकी उचित चिकित्सा कराई जाए।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.