BIHARBreaking NewsSTATE

बिहार के 83 लाख बच्चों को 3 जनवरी से लगेगी कोरोना वैक्सीन

बच्चों के वैक्सीनेशन के मामले में बिहार देश का दूसरा स्टेट है, जहां सबसे अधिक 15 से 18 साल के बच्चे हैं। उत्तर प्रदेश में सबसे अधिक 1,40,14,000 बच्चे वैक्सीनेशन की कतार में हैं, जबकि दूसरे नंबर पर बिहार में 83,46,000 बच्चे हैं। तीसरे नंबर महाराष्ट्र और चौथे नंबर पर पश्चिम बंगाल है। देश के कुल राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 15 से 18 वर्ष के एज ग्रुप वाले कुल 7,40,57,000 बच्चों का 3 जनवरी से वैक्सीनेशन होगा। पहली डोज के 28 दिन बाद उन्हें दूसरी डोज देने का प्लान तैयार है।

बिहार में संख्या अधिक इसलिए तैयारी बड़ी

बिहार में 15 से 18 वर्ष के बच्चों की संख्या अधिक है। इस कारण से बिहार में 3 जनवरी से होने वाले वैक्सीनेशन को लेकर बड़ी तैयारी की जा रही है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों से लेकर स्कूलों में सेंटर बनाने को लेकर काम चल रहा है। वैक्सीनेटरों को भी प्रशिक्षित करने का काम तेज कर दिया गया है। बुधवार शाम स्वास्थ्य विभाग ने राज्य के सभी जिलों के प्रतिरक्षण पदाधिकारियों के साथ बैठक की है। इसमें बच्चों के वैक्सीनेशन से लेकर 60 साल से ऊपर वालों के प्रिकॉशन डोज पर मंथन किया गया है।

पटना में 4.30 लाख से अधिक बच्चे हैं। राजधानी में जो तैयारी चल रही है, उसके मुताबिक 2 दिन में पूरी टीम और सेंटर का चयन कर लिया जाएगा। इसमें तैयारी चल रही है कि कि सामान्य लोगों का वैक्सीनेशन बच्चों से अलग किया जाए। इसके लिए पटना में बैठकों का दौर काफी तेजी से चल रहा है। वैक्सीन का स्टॉक कराने के साथ वैक्सीनेटरों को ट्रेंड करने का काम किया जा रहा है।

3 जनवरी से महाभियान

3 जनवरी से देश में महाभियान चलाया जाएगा। इसके लिए वैक्सीनेटर और वेरिफायर तैयार किए जा रहे हैं। हर सेंटर पर कतार में बच्चों को लगाया जाएगा। इसके बाद वैक्सीनेशन किया जाएगा। हर सेंटर पर दो-दो वेरिफायर और दो-दो वैक्सीनेटर को लगाया जाएगा।

पटना के जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. एसपी विनायक का कहना है कि वैक्सीनेशन को लेकर ट्रेनिंग कराई जा रही है। दो दिन में सेंटर से लेकर हेल्थ वर्करों का पूरा डेटा तैयार कर लिया जाएगा। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की गाइडलाइन के अनुसार 3 जनवरी से वैक्सीनेशन कराया जाएगा।

15-18 साल के बच्चों के वैक्सीनेशन बुकिंग की पूरी प्रक्रिया

  • सबसे पहले आरोग्य सेतु ऐप या Cowin.gov.in वेबसाइट पर जाएं।
  • अगर आप कोविन (CoWIN) पर रजिस्टर्ड नहीं हैं तो पहले रजिस्टर का विकल्प चुनें।
  • फिर रजिस्ट्रेशन पेज दिखाई देगा। आपको उस पर फोटो, ID टाइप, नंबर और अपना पूरा नाम दर्ज करना होगा। (यहां आप 10वीं का ID कार्ड सेलेक्ट कर सकते हैं)। साथ ही, यहां बच्चे का लिंग और आयु दर्ज करें।
  • एक बार पंजीकरण पूरा हो जाने के बाद, आपके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर एक कंफर्मेशन संदेश आएगा।
  • मेंबर के रजिस्टर्ड होने के बाद आप अपने एरिया का पिन कोड डालें। इससे वैक्सीनेशन सेंटर की लिस्ट आ जाएगी।
  • अब डेट, टाइम के साथ अपना वैक्सीन स्लॉट बुक करें और सेंटर पर जाकर वैक्सीनेशन कराएं।
  • वैक्सीनेशन सेंटर पर आपको अपना आइडेंटिटी प्रूफ और सीक्रेट कोड की जानकारी देनी होगी। जो आपको रजिस्ट्रेशन करने पर मिलती है।
  • अगर आप पहले से कोविन (CoWIN) पर रजिस्टर्ड हैं, तो साइन चुनें और अपना रजिर्स्ड मोबाइल नंबर डालें और गेट OTP पर क्लिक करें
  • फिर अपने मोबाइल नंबर पर आए OTP को दर्ज करें और वैरिफाई बटन पर क्लिक करें।
  • अब अपने एरिया का पिन कोड डालें और सेंटर के अनुसार अपना वैक्सीन स्लॉट बुक करें और वैक्सीनेशन कराएं।
  • अगर आप बुकिंग आरोग्य सेतु ऐप से कर रहे हैं, तो CoWIN टैब पर जाएं, और वैक्सीन टैब पर क्लिक करें। इसके बाद आगे बढ़ें पर क्लिक करें और ऊपर बताए गए तरीके से वैक्सीन स्लॉट बुक करें।
  • एक मोबाइल नंबर से अधिकतम चार लोगों का वैक्सीनेशन के लिए रजिस्ट्रेशन किया जा सकता है।

टॉप 5 में यूपी के बाद बिहार

  • उत्तर प्रदेश – 1,40,14,000
  • बिहार – 83,46,000
  • महाराष्ट्र – 60,63,000
  • पश्चिम बंगाल – 48,23,000
  • मध्य प्रदेश – 48,00,000

ऐसे राज्य जहां कम होगा बच्चों का वैक्सीनेशन

  • लक्ष्यदीप – 5,000
  • लद्धाख – 13,000
  • अंडमान एंड निकोबार 23,000
  • दमन एंड दीव – 25,000
  • अरुणाचल प्रदेश – 98,000

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.