Breaking News

पत्नी राजश्री संग पटना लौटे तेजस्वी, CM से दागे सवाल, जानें…

नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव अपनी पत्नी राजश्री यादव के साथ गुरुवार सुबह पटना पहुंचे। वह बुधवार देर शाम ही आने वाले थे, लेकिन मौसम खराब होने की वजह से उनकी फ्लाइट कैंसिल हो गई थी। तेजस्वी ने पटना पहुंचते ही पटना एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधा और उनसे सवाल पूछे।

तेजस्वी ने कहा, ‘मुख्यमंत्री ने कहा कि शराब पीने से एड्स होता है। इससे आप समझ सकते हैं कि किस तरह से वे चारों तरफ से घिरे हुए हैं और ऊटपटांग बयान दे रहे हैं। शराब रोकने की जवाबदेही सरकार की है, पुलिस महकमे की है, फिर भी विधानसभा परिसर में शराब की बोतल मिलती है। राज्य में शराबबंदी फेल है। कोर्ट ने बिहार में शराबबंदी पर जो टिप्पणी की है, उस पर हम कुछ ज्यादा नहीं कहना चाहते।’

तेजस्वी ने पूछे कई सवाल

तेजस्वी ने कहा, ‘समाज सुधार से पहले मुख्यमंत्री को सरकार को सुधारना चाहिए। समाज में अच्छा क्या है, बुरा क्या है, सभी जानते हैं। दहेज हो या शराब हो, इसके बारे में सभी जानते हैं। पहले सती प्रथा थी, वह भी बैन हुई। सरकार में जिस तरह कि कमियां हैं और प्रशासनिक भ्रष्टाचार जिस तरह से फैला हुआ है… उसको कौन ठीक करेगा? भ्रष्टाचार और गरीबी कौन मिटाएगा? बिहार सबसे पिछले पायदान पर है, इससे बाहर कौन निकालेगा? बिहार को विशेष राज्य का दर्जा कौन दिलाएगा?’

उन्होंने कहा, ‘मुख्यमंत्री को इन मुद्दों पर बात करनी चाहिए। बेरोजगारी का क्या होगा? इतना काम नीतीश कुमार ने किया है कि उनकी पार्टी राज्य में तीसरे नंबर की पार्टी बन कर रह गई है।’

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.