BIHARBreaking NewsSTATE

दो महीने भी नहीं टिक पा रहे सात जन्मों के बंधन, आखिर क्यों टूट रहीं शादियां

कोरोना के कारण लगे लॉकडाउन ने सामाजिक दूरियां बढ़ा दी है। इसका असर नई शादियों पर भी साफ तौर पर दिख रहा है। छानबीन किये बिना शादी करने के कारण लड़का और लड़की दोनों को धोखा मिल रहा है। यही कारण है कि पिछले दो साल में शादी टूटने के दो हजार 323 मामले  पटना महिला थाने आए। इनमें लगभग एक हजार नई-नई हुईं शादियां भी शामिल हैं। पंद्रह दिन से पंद्रह महीने में शादियां टूटने के मामले सबसे अधिक आए।

महिला थाने की काउंसिलर सुप्रिया गिरी का कहना है कि पत्नी जहां दहेज का आरोप लगाती है, वहीं पति अवैध संबंध का आरोप लगाकर छोड़ रहे हैं। कई मामले में मायके का अधिक हस्तक्षेप भी शादियां टूटने का कारण बन रहा है।

शादी के पंद्रह दिन में ही टूट गया रिश्ता

राजधानी की एक महिला डॉक्टर की शादी मात्र पंद्रह दिन में टूटने के कगार पर है। महिला डॉक्टर के अनुसार शादी होते ही पति मारपीट कर दहेज के लिए परेशान करने लगा। तीन दिन पहेल मारपीट कर घर से भगा दिया है। महिला डॉक्टर पति के साथ रहना चाहती है, लेकिन पति रखने को तैयार नहीं है।

सॉफ्टवेयर इंजीनियर पत्नी का सोशल साइट हैक कर लिया

राजीव नगर की रहने वाली एक युवती ने पति पर सोशल साइट हैक कर ब्लैकमेल करने की शिकायत महिला थाने में की है। युवती का कहना है कि उसकी शादी 2020 में हुई है। शादी इतनी जल्दीबाजी में हुई कि देखा-देखी के एक दिन बाद ही शादी हो गई। शादी के बाद पता चला कि पति शंकालु प्रवृत्ति का है। पहले तो मोबाइल ले लिया। फिर मोबाइल लेकर फेसबुक, व्हाट्सएप हैक कर लिया। फिर अंजान आदमी बनकर बात करने लगा। उसी चैट के आधार पर मारपीट करना शुरू कर दिया। वहीं, पति का कहना है कि उसकी पत्नी का दूसरे पुरुष के साथ अवैध संबंध है।

मायके वालों के हस्तक्षेप से छह महीने में आयी खटास

कंकड़बाग की रहने वाली एक युवती ने महिला थाने में पति के खिलाफ शिकायत दर्ज करायी है। युवती का कहना है कि छह माह पहले ही शादी हुई है। उसके ससुराल वाले मां से भी बात करने नहीं देते हैं। उसका पति दिनभर घर में रहता है। वर्क फ्रॉम होम में रहता है। दिनभर काम करवाता रहता है। वहीं, पति का कहना है कि मायके वाले इतना कॉल करते हैं कि उनकी निजी जिन्दगी में कुछ नहीं रह गया है। ऐसे में वह पत्नी के साथ नहीं रह सकता है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.