BIHARBreaking News

भावुक हुईं शहाबुद्दीन की पत्नी हिना, छलके आंसू, जानें कारण…

सीवान के पूर्व सांसद दिवंगत शहाबुद्दीन उर्फ साहेब की याद में राजेन्द्र स्टेडियम में जिला क्रिकेट संघ द्वारा डॉ. मोहम्मद शहाबुद्दीन मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया गया है। शनिवार को मैच के उद्घाटन के लिए पहुंची दिवंगत शहाबुद्दीन की पत्नी हिना शहाब पति के इंतकाल के बाद पहली बार मीडिया के सामने आईं। जहां मैच के उद्घाटन के बाद वो शहाबुद्दीन को याद कर भावुक हो गईं। कहा कि ‘पहली बार है, जब साहेब के बिना यहां आई हूं।’

शहाबुद्दीन की याद में क्रिकेट टूर्नामेंट शुरू
जिला क्रिकेट संघ, सीवान द्वारा आयोजित डॉ. शहाबुद्दीन मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट का आज शनिवार को उद्घाटन मैच था। मैच के उद्घाटन के बाद हिना शहाब ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया, फिर राष्ट्रगान गाया गया। इसके बाद मैच शुरू हुआ। पहला मैच मुजफ्फरपुर और गोपालगंज के बीच खेला गया।

टूर्नामेंट के उद्घाटन में सबसे पहले शहाबुद्दीन की पत्नी हिना शहाब ने पिंजड़े में बंद चिड़िया को उड़ाया। फिर गुब्बारों को आसमान में उड़ाया। इसके बाद सदर विधायक अवध बिहारी चौधरी, रघुनाथपुर विधायक हरिशंकर यादव, राजद जिलाध्यक्ष परमात्मा राम ने संयुक्त रूप से फीता काटकर विधिवत उद्घाटन किया।

साहेब के निधन के बाद पहली बार कैमरे के सामने आईं हिना
हिना राजेन्द्र स्टेडियम में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट के उद्घाटन के बाद मीडिया कर्मियों से बातचीत करते समय भावुक हो गईं। उन्होंने कहा कि- ‘साहब के नाम पर टूर्नामेंट हो रहा है। बहुत खुशी की बात है, और बहुत तकलीफ की बात है कि मैं आज पहली बार उनके बिना हूं। मैं चाहती हूं कि बच्चे खेले, आगे बढ़ें। जो हमारी गेस्ट टीम आयी है, उनको मैं तह-ए-दिल से धन्यवाद देती हूं कि वे बहुत अच्छा खेलें।

उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने यह शुरुआत की है। उन लोगों को भी मैं बधाई देती हूं। साहेब का सपना था कि हमारे जिला का नाम रौशन हो। नेशनल-इंटरनेशनल रैंक पर जाए। मेरा भी यही ख्वाब है। मैं उन लोगों के साथ हूं, कदम से कदम मिलाकर चलना चाहती हूं। आगे मौका मिलेगा तो मैं जरूर करुंगी।’

साहेब का सपना पूरा करेंगे: अवध बिहारी
वहीं, राजद के वरीय नेता व सीवान सदर विधायक अवध बिहारी चौधरी ने कहा कि- ‘साहब के नाम से राजेन्द्र स्टेडियम में क्रिकेट मैच का शुरू हुआ है। मैं दुखी मन से शहाबुद्दीन साहब को श्रद्धा सुमन अर्पित करता हूं। उनका नहीं रहना बहुत ही दुखद है। हिना शहाब भी है, प्रयास हो रहा है कि साहेब की खेल के प्रति जो श्रद्धा थी, उनको हम लोग पूरा करने का काम करें।’

गोपालगंज ने मुजफ्फरपुर को 10 रनों से हराया
शहाबुद्दीन मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट के उद्घाटन मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए गोपालगंज की टीम ने 20 ओवर में 250 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। इसमें गोपालगंज टीम के मिडिल आर्डर बैट्समैन सचिन कुमार सिंह ने 54 गेंदों पर 9 चौके और 7 छक्के की मदद से नाबाद 102 रन बनाये। वहीं, जवाब में खेलने उतरी मुजफ्फरपुर की टीम 20 ओवर में 240 रन ही बना सकी। मुजफ्फरपुर की ओर से जीशान ने 51 गेंदों पर 9 चौके और 3 छक्के की मदद से नाबाद 79 रन बनाए। वहीं, मैच के अंत में विजेता टीम गोपालगंज के सचिन कुमार सिंह को मैन ऑफ द मैच दिया गया।

टूर्नामेंट के आयोजक सचिव अजय तिवारी ने बताया कि- ‘शहाबुद्दीन साहब के इंतकाल के बाद पहली बार उनके याद में शहर के राजेन्द्र स्टेडियम में टूर्नामेंट का आयोजन किया गया है। जहां आठ दिन तक मैच आयोजित किए जाएंगे। 2 जनवरी 2022 को फाइनल मैच खेला जाएगा।’

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.