BIHARBreaking News

22 दिसंबर से समाज सुधार यात्रा पर निकलेंगे सीएम नीतीश कुमार, जानें किस दिन किस जिले में जाएंगे

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार फिर जिलों की यात्रा पर निकलेंगे। इस बार उन्होंने अपनी यात्रा का नाम दिया है ‘समाज सुधार यात्रा’। यह यात्रा मोतिहारी में 22 दिसंबर से शुरू होगी और 15 जनवरी को पटना में इसका समापन होगा। इस तरह उनकी 12 दिनों की यात्रा होगी, जिसमें सभी जिले शामिल होंगे। यात्रा का पूरा कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। मालूम हो कि इससे पहले वे 12 यात्राएं कर चुके हैं

इस यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री जनसभा को भी संबोधित करेंगे। साथ ही, राज्य में चलायी जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा बैठक भी करेंगे। जनसभाओं में जिलों के जीविका समूह की महिलाएं भाग लेंगी, जिसमें पूर्ण शराबबंदी अभियान, दहेज प्रथा उन्मूनल, बाल विवाह मुक्त अभियान से संबंधित राज्य सरकार की महत्वपूर्ण नीतियों और निर्णयों पर विचार रखे जाएंगे। 

इन सभाओं में लाभुकों द्वारा भी अपने विचार रखे जाएंगे। साथ ही जनसभाओं में सूबे के मुख्य सचिव और डीजीपी समेत गृह और मद्यनिषेध के अपर मुख्य सचिव और संबंधित जिलों के प्रभारी सचिव भी भाग लेंगे। मुख्यमंत्री समीक्षा बैठक में मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग के कार्यों की जानकारी लेंगे। 

इसके अलावा दहेज प्रथा उन्मूलन और बाल विवाह की समाप्ति, गृह विभाग के कार्य, सतत जीविकोपार्जन योजना, हर घर नल का जल, पक्की नाली-गली योजना, लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान और धान की अधिप्राप्ति आदि की जानकारी मुख्यमंत्री समीक्षा बैठक में लेंगे। साथ ही पदाधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी करेंगे। 

समीक्षा बैठक में संबंधित जिले के जनप्रतिनिधि, जैसे प्रभारी मंत्री, जिले के निवासी मंत्री तथा मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन मंत्री उपस्थित रहेंगे। जिलाधिकारियों द्वारा इन्हें समीक्षा में भाग लेने के लिए अनुरोध भी किया जाएगा। इसके अलावा निर्धारित विषयों से संबंधित विभागों के मंत्री वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़ेंगे। 

समीक्षा बैठकों में स्थानीय सांसद, विधायक, पार्षद स्वेच्छा से भाग ले सकेंगे। बैठक निर्धारित विषयों पर ही सीमित रहेगी। सभी जिलाधिकारी आयोजित जन-सभा के कार्यक्रम के लिए सुरक्षा एवं सौजन्य की दृष्टि से सही जगह का चयन कर सभी आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चत करेंगे। 

किस दिन कहां सभा और कौन से जिले जुड़े होंगे 

22 दिसंबर: मोतिहारी (पूर्वी चंपारण-पश्चिम चंपारण)
24 दिसंबर: गोपालगंज (सीवान, सारण, गोपालगंज)
27 दिसंबर: सासाराम (भोजपुर, रोहतास, बक्सर, कैमूर)
29 दिसंबर: मुजफ्फरपुर (मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, वैशाली, शिवहर)
30 दिसंबर: समस्तीपुर (दरभंगा, मधुबनी, समस्तीपुर)
04 जनवरी: गया (गया, जहानाबाद, अरवल, नवादा, औरंगाबाद)
06 जनवरी: बेगूसराय (मुंगेर, बेगूसराय, शेखपुरा)
08 जनवरी: जमुई (जमुई, खगड़िया, लखीसराय)
11 जनवरी: पूर्णिया (पूर्णिया, कटिहार, अररिया, किशनगंज)
12 जनवरी: मधेपुरा (सहरसा, मधेपुरा, सुपौल)
13 जनवरी: भागलपुर (भागलपुर, बांका)
15 जनवरी: पटना (पटना, नालंदा) 

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.