BIHARBreaking NewsEDUCATIONPATNASTATE

बिहार परीक्षा का कारनामा: अब साउथ की एक्‍ट्रेस को बना दिया STET का परीक्षार्थी, देखें…

बिहार में 28 जनवरी को आयोजित होने वाली एसटीईटी परीक्षा में साउथ की मशहूर अभिनेत्री भी गुरुजी बनने के लिए परीक्षा देंगी. ये सुनकर कोई भी चौंक जाएगा, लेकिन बिहार बोर्ड ने एसटीईटी परीक्षा के लिए जारी किए गए एडमिट कार्ड में पुरुष अभ्यर्थी के एडमिट कार्ड पर साउथ की मशहूर अभिनेत्री अनुपमा परमेश्वरन (Anupama Parameswaran) की तस्वीर लगा दी है. ये वाक्या जहानाबाद के मकदुमपुर निवासी परीक्षार्थी ऋषिकेश कुमार के साथ हुआ है. अब ऋषिकेश पिछले कई दिनों से एडमिट कार्ड में सुधार के लिए बिहार बोर्ड का चक्कर काट रहे हैं, लेकिन समस्या का निदान नहीं हो सका है. यही नहीं, अनुपमा परमेश्वरन तमिल, तेलगू, मलयालम और कन्नड़ फिल्मों में काम कर चुकी हैं और बड़ा नाम मानी जाती हैं.

अब परीक्षार्थी ऋषिकेश को यह समझ में नहीं आ रहा है कि यह गलती कैसे हुई. जबकि उसने बोर्ड की वेबसाइट से एसटीईटी का एडमिट कार्ड डाउनलोड किया और ऑनलाइन प्रक्रिया में तस्वीर लगा एडमिट कार्ड प्रिंट हो रहा है. बोर्ड की लापरवाही का शिकार एक परीक्षार्थी नहीं हुआ है बल्कि ऐसे हजारों परीक्षार्थी जिनके एडमिट कार्ड में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी सामने आई है यानी मेल परीक्षार्थी के एडमिट कार्ड में फीमेल की तस्वीर तो फीमेल में मेल की तस्वीर लगा दी गई है. जबकि कई ऐसे अभ्यर्थी हैं जिनके विषय कोड में भी गड़बड़ी हुई है. यही नहीं, 2 पेपर की परीक्षा में 1 पेपर का ही एडमिट कार्ड जारी कर दिया गया है.

हालांकि अभ्यर्थी ऋषिकेश के मामला सामने आते ही बोर्ड हरकत में आ गया और अभिनेत्री की तस्वीर लगा एडमिट कार्ड जमा करा लिया है. इसके साथ ही नए सिरे से एडमिट कार्ड जारी करने का परीक्षार्थी को भरोसा दिलाया गया है. परीक्षा 28 जनवरी को आयोजित होगी और दो पालियों में दो पेपर की परीक्षा ली जाएगी. आपको बता दें कि कई साल बाद बिहार में एसटीईटी परीक्षा का आयोजन हो रहा है, लेकिन बोर्ड में सारी प्रक्रिया ऑनलाइन होने के बाद भी परीक्षार्थियों की परेशानी कम नहीं हुई है. सवाल उठता है कि परीक्षा में महज 7 दिन बचे हैं ऐसे में इंतजार करना होगा कि बोर्ड त्रुटियों में कब तक सुधार कर पाता है और परीक्षार्थियों का गुरुजी बनने का सपना साकार हो पाता है या नहीं.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.