BIHARBreaking NewsSTATE

OYO होटल में रेड, गर्लफ्रेंड के साथ मौजूद बैंक क्लर्क के सामने रखी थी शराब भरी गिलास

पटना. राजधानी पटना में हाई प्रोफाइल सोसाइटी में शराब पीने वालों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है. हालांकि बावजूद इसके शराब पीने और पिलाने का दौर भी थमने का नाम नहीं ले रहा. ताजा मामला पटना के शास्त्री नगर थाना क्षेत्र का है, जहां शराब पीने और पिलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पटना पुलिस ने अपने अभियान में बैंक क्लर्क, होटल मैनेजर समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार लोगों में एक युवती भी शामिल है. शास्त्री नगर थाना की पुलिस ने एजी कॉलोनी स्थित ओयो होटल में छापेमारी कर बैंक क्लर्क रोहित कुमार और उसकी गर्लफ्रेंड को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस का दावा है कि दोनों शराब का सेवन कर रहे थे. शराब पीने की सूचना के बावजूद पुलिस को गुमराह करने के आरोप में ओयो होटल के मैनेजर और स्टाफ को भी गिरफ्तार कर लिया गया है.  होटल मैनेजर जहानाबाद का रहने वाला बताया जाता है जबकि निजी स्टाफ पूर्वी चंपारण का रहने वाला है.

मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को गोपनीय तरीके से सूचना मिली थी कि एजी कॉलोनी स्थित होटल में कुछ लोग ठहरे हैं और शराब का सेवन कर रहे हैं. पुलिस ने होटल में पहुंचकर तहकीकात की सूचना की पुष्टि होने के बाद होटल मैनेजर और स्टाफ से पूछताछ की. लेकिन, वे सभी लोग  पुलिस को गुमराह करने लगे. पुलिस स्टाफ के साथ होटल के उस कमरे की तलाशी ली गई जहां शराब पीने की सूचना मिली थी.

पुलिस के अनुसार कमरे में पहुंचने के बाद देखा कि बैंक क्लर्क रोहित वहां मौजूद थे और सामने एक गिलास में  शराब भी रखी हुई थी. उसके साथ एक लड़की भी  मौजूद थी जिसके बारे में पता चला है कि वह गर्लफ्रेंड है. पुलिस के आते ही रोहित ने भागने का प्रयास किया, लेकिन उसकी गर्लफ्रेंड ने उसका नाम और पता पुलिस को बता दिया. इसके बाद वह भाग नहीं पाया. ब्रेथ एनालाइजर से जांच करने के बाद रोहित में शराब पीने की पुष्टि हो गई.

बता दें कि हाल के दिनों में राज्य में शराब के खिलाफ अभियान लगातार जारी है. खासकर बिहार के सभी शहरों के बड़े-बड़े होटलों और शादी समारोह में भी पुलिस अपनी पैनी नजर बनाए हुए है.  शराबियों को पकड़ने के लिए राजधानी पटना में हर दिन छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है.

दरअसल मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी अधिकारियों को निर्देशित दिया है कि अगर राजधानी पटना को दुरुस्त कर दे तो यहां का मैसेज बिहार के दूसरे जिलों में भी जाएगा और  शराबबंदी कानून को प्रभावी तरीके से लागू किया जा सकेगा.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.