BIHARBreaking NewsSTATE

लेडी पुलिस के बिना ही दुल्‍हन के कमरे-कपड़ों की तलाशी, राबड़ी देवी ने विडियो ट्वीट कर शराब चेकिंग पर उठाया सवाल

सीएम नीतीश कुमार की फटकार के बाद बिहार में शराब की चेकिंग का अभियान तेज हो गया है। राजधानी पटना सहित बिहार के अलग-अलग जिलों में लगातार छापामारी कर पुलिस शराब कारोबारियों और शराब पीने-पिलाने वालों को गिरफ्तार कर रही है। इस बीच राज्‍य की पूर्व मुख्‍यमंत्री राबड़ी देवी ने एक विडियो ट्वीट कर बिहार पुलिस पर बिना महिला पुलिसकर्मियों के दुल्‍हन के कमरों और कपड़ों की तलाशी लेने का आरोप लगाया है। 

राबड़ी के इस आरोप से बिहार की सियासत में शराबबंदी और इसे लेकर सरकार के ताजा अभियान पर नए सिरे से बहस तेज हो गई है। राबड़ी देवी ने जो विडियो ट्वीट किया है वो किसी होटल का लग रहा है। ऐसा लग रहा है कि होटल में शादी के लिए वर-वधू पक्ष ठहरे हैं। तभी वहां बिहार पुलिस पहुंची है जिसमें कोई भी महिला कर्मचारी नहीं है। एक पुलिस अधिकारी बारी-बारी कमरे खुलवाकर अलमारी, बेड के नीचे और दराजें चेक करता है। पुलिस अधिकारी जिन कमरों में जाता है वहां ज्‍यादातर महिलाएं होती हैं। ऐसे में एक जगह पुलिस अधिकारी यह भी कहते सुना जाता है कि, ‘हम भी जानते हैं कि लड़की पक्ष के पास शराब नहीं होगी लेकिन क्‍या करें ऊपर से आर्डर है…।’

पूर्व मुख्‍यमंत्री राबड़ी देवी ने बिहार पुलिस के इस रवैए पर कड़ा एतराज जताया है। उन्‍होंने अपने ट्वीट में लिखा-बिहार पुलिस शराबबंदी के नाम पर बिना महिला पुलिसकर्मियों के दुल्हन के कमरों और कपड़ों की तलाशी ले रही है। यह निजता के अधिकार का उल्लंघन है। बिहार में शराब कैसे व क्यों पहुँच रही है,कौन पहुँचा रहा है? उसकी जाँच और खोजबीन नहीं लेकिन उल्टा सनकी सरकार महिलाओं को ही परेशान कर रही है?

गौरतलब है कि हाल में बिहार के अलग-अलग जिलों में जहरीली शराब की वजह से कई लोगों की मौत हो गई थी। इसके बाद सीएम नीतीश कुमार ने एक-एक जिले में शराबबंदी की समीक्षा और राज्‍य में एक बार फिर 2016 की तरह का अभियान चलाकर शराब माफिया और शराब पीने-पिलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई का आदेश दिया। इसके बाद से बिहार पुलिस लगातार छापामारी कर रही है। रविवार को भी पटना जिले में पुलिस ने ताबड़तोड़ छापेमारी की। देर रात तक चली छापेमारी में रेलवे गार्ड, होटल मैनेजर, जिम ट्रेनर, पेटिंग ठेकेदार, वेटर, डिलीवरी ब्वॉय, दो होटल कर्मी समेत कुल 55 आरोपित गिरफ्तार किए गए। इस दौरान 80 से अधिक होटलों, गेस्ट हाउसों, लॉज और 12 से अधिक स्लम बस्तियों में भी छापेमारी कर तीन सौ लीटर अंग्रेजी, देसी शराब व केन बीयर जब्त की गई।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.