मुजफ्फरपुर के कांटी और मीनापुर प्रखंड में शांतिपूर्ण तरीके से मतदान चल रहा है। DSP वेस्ट अभिषेक आनन्द समेत सभी आला अधिकारी बूथों पर जाकर चुनाव का जायजा ले रहे हैं। इसी दौरान कांटी प्रखंड के कोल्हुआ पैगम्बरपुर पंचायत बूथ संख्या 273 के बाहर काफी संख्या में प्रत्याशियों के समर्थकों ने भीड़ लगा रखा था। इससे गहमागहमी भरा माहौल था। सूचना मिलते ही QRT की टीम मौके पर पहुंची। साथ मे कांटी थाना की पुलिस ने भी धावा बोला। भीड़ लगाने वाले पर डंडे भांजकर खदेड़ दिया। सभी को सख्त हिदायत दी कि बूथ से 100 मीटर की दूरी बनाकर रखें। अन्यथा कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बूथ पर मौजूद सुरक्षाबलों को भीड़ को हटाकर रखने को कहा गया।
एक प्रत्याशी को पुलिस ने दबोचा
मीनापुर प्रखंड के टेंगराहां बूथ संख्या 357 से पुलिस ने एक प्रत्याशी को हिरासत में लिया है। उस पर आरोप है कि वह खुद का ही पोलिंग एजेंट बनकर बैठा हुआ था। इसकी भनक दूसरे प्रत्याशियों को लगी। बूथ पर बैठने के साथ वह वोटरों को अपने पक्ष में वोट डालने के लिए रिझाने के प्रयास भी कर रहा था। इसी दौरान सूचना मिलने पर कांटी पुलिस ने उसे बूथ पर से हिरासत में लिया। उससे पूछताछ कर सत्यापन की कार्रवाई की जा रही है। हालांकि पुलिस पूछताछ में वह सिर्फ एक मतदाता को वहां तक पहुंचाने की बात बोल रहा है।


नक्सल प्रभावित इलाके में बरस रहे वोट
मीनापुर प्रखंड नक्सल प्रभावित घोषित है। यहां तीन बजे तक मतदान होना है। यहां सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतार लगी हुई है। खासकर महिला मतदाताओं में मतदान के प्रति अधिक उत्साह है। इसलिए यहां अबतक महिलाओं की वोटिंग परसेंटेज भी पुरुषों की तुलना में अधिक है। नक्सल प्रभावित क्षेत्र के महिला और पुरुष वोटर विकास को ध्यान में रखकर वोट डालने की बात बोल रहे हैं।




Comment here