थाना क्षेत्र के गंडक नदी किनारे रमकुर्वा गांव में चल रहे चुलाई शराब के बड़े अड्डे का खुलासा शनिवार काे सरैया पुलिस ने किया। छापेमारी में एक झाेपड़ी से करीब 20 ड्रम मिट्टी में छिपा कर कच्चा माल, दाे बड़ी भट्ठियां, गैस सिलेंडर, चूल्हा, केमिकल, नौसादर, पॉलीथिन, एल्युमीनियम के बर्तन बड़ी मात्रा में बरामद हुए हैं। माैके पर ही चुलाई के लिए प्लास्टिक के ड्रम में खेत, झोपड़ी व बगीचे में छिपा कर रखा कच्चा माल, (गुड़, नोसदर, केमिकल, यूरिया आदि का घोल) करीब दो हजार लीटर नष्ट किया गया।
पुलिस एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। हालांकि, पुलिस के पहुंचते ही मुख्य आराेपित फरार हो गया। मुख्य तस्कर रवि सिंह बताया जा रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि यह अवैध कारोबार वर्षों से चल रहा था, जिसमें देर रात मजदूरों के सहयोग से चुलाई शराब तैयार कर प्लास्टिक के बैग में रख नाव, बाइक व कार से सप्लाई की जाती थी। छापेमारी थानाध्यक्ष सुनील कुमार के नेतृत्व में की गई। इसमें क्यूआरटी व थाना रिजर्व बल शामिल थे।

पराती गांव से 57 पेटी विदेशी शराब बरामद
बोचहां, पुलिस ने शनिवार को पराती गांव से एक भूसाघर से 57 पेटी विदेशी शराब बरामद की है। वहीं, तस्कर फरार हो गए। थानाध्यक्ष राजेश रंजन ने बताया कि मो. शोएब के भूसा घर से विदेशी शराब बरामद की गई है। मामले में मो. शोएब व अन्य काे चिह्नित कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी चल रही है।
तस्करी के आधा दर्जन आरोपित किए गए गिरफ्तार

हथौड़ी, थाना क्षेत्र के अम्मा, भदई, डकरम्मां समेत कई अन्य गांवों में डीएसपी पूर्वी मनोज पाण्डेय के नेतृत्व में छापेमारी कर आधा दर्जन शराब तस्कराें को गिरफ्तार किया। अम्मा गांव में दो लीटर देसी शराब के साथ रामजतन राम को, भदई गांव से लखेंद्र राम एवं धर्मेंद्र राम को 15 लीटर स्प्रिट के साथ गिरफ्तार किया गया। डकरम्मा में पुलिस टीम ने छापेमारी कर बंकर सहनी, राजू सहनी एवं सुभाष सहनी को गिरफ्तार किया। पांच लीटर स्प्रिट एवं चार लीटर देसी शराब बरामद की गई। हथौड़ी थानाध्यक्ष विनोद दास ने बताया, सभी तस्कराें काे न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जाएगा।




Leave a Reply