समस्तीपुर के मोरवा उत्तरी पंचायत के वार्ड संख्या दो में गुरुवार की सुबह ‘हर घर नल का जल योजना’ की टंकी जमीन पर गिरकर धराशायी हो गई। घटना उस समय हुई जब छठ पूजा करके व्रती महिलाएं, पुरूष, छोटे-छोटे बच्चे उसी रास्ते से अपने घर वापस लौट रहे थे। हादसे में सभी बाल-बाल बच गए। स्थानीय लोगों के अनुसार, मोरवा उत्तरी पंचायत के वार्ड नंबर दो स्थित रामचंद्र चौधरी के घर के सामने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सात निश्चय के अंतर्गत पानी टंकी लगाया गया था। इसका निर्माण PHED विभाग के ठेकेदार व अधिकारियों ने करवाया था।
इस योजना से पंचायत के लगभग 1000 से अधिक की आबादी को पानी मुहैया कराया जा रहा था। घटना को लेकर स्थानीय ग्रामीण काफी आक्रोशित हो गए। इसको लेकर डॉ. दिलीप कुमार चौधरी, संजय कुमार चौधरी आदि ने घटिया निर्माण करने वाले दोषी ठेकेदार पर करवाई करने की मांग की है। वहीं ग्रामीणो का कहना है कि CM नीतीश कुमार ने इस योजना के द्वारा यह स्वप्न देखा होगा कि बिहार के एक-एक घर में नल का जल होगा। लोग स्वच्छ पानी पियेंगे। लेकिन यह सोच अब पूरी होती नहीं दिख रही है। लेकिन अधिकारियों और ठेकेदारों द्वारा घटिया निर्माण से ये सपना अधूरा ही रह जाएगा।




Leave a Reply