BIHARBreaking NewsSTATE

मुजफ्फरपुर में छठ घाट पर खेलते-खेलते छात्र लापता

मुजफ्फरपुर के औराई थाना क्षेत्र के धसना गांव स्थित छठ घाट से आज सुबह एक छात्र खेलते-खेलते अचानक से लापता हो गया। काफी देर तक जब वह घाट पर नहीं दिखा तो परिजन चिंतित हो गए। खोजबीन शुरू हुई। लेकिन, कुछ पता नहीं लगा। पप्पू बैठा का 12 वर्षीय पुत्र विशाल कुमार सातवीं क्लास का छात्र है। वह आज सुबह परिजन के साथ घाट पर गया था। इसके बाद अपने दोस्तों के साथ खेलने लगा। कुछ देर बाद वह लापता हो गया। परिजन ने उसके सभी दोस्तों से भी पूछताछ की। घाट पर मौजूद लोगों से भी विशाल के संबंध में जानकारी ली। लेकिन, सभी ने कहा कि अभी तो यहीं पर था। इसके बाद किसी ने उसे नहीं देखा।

बेटे के लापता होने पर चीख पुकार मच गई। घाट किनारे चारों तरफ जाकर खोजबीन की गई। पर उसका पता नहीं लगा। इसके बाद औराई पुलिस को सूचना दी गयी। घटना की जानकारी मिलने के बाद लापता छात्र की खोजबीन शुरू कर दी गयी है। परिजन किसी बड़ी अनहोनी की आशंका जता रहे हैं। इसे लेकर पूरे परिवार में मातम का माहौल है।

हालांकि, अपहरण की बात से इंकार कर रहे हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद औराई थाना की पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। परिजन भी अपने रिश्तेदारों और सभी परिचितों के यहां खोजबीन करने में जुट गए हैं। घटना के छह घण्टे के बाद भी सुराग नहीं मिलने से सभी लोग काफी चिंतित हैं। आसपास के लोग ढाढंस बंधाने में जुटे हुए हैं।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.