मुजफ्फरपुर में जहरीली शराब से पांच लोगों की मौत के बाद पुलिस की नींद उड़ गई। एक माह के भीतर सरैया और सकरा के बाद कांटी में कुल 13 लोगों की मौत ने शराबबंदी की पोल खोलकर रख दी। कांटी में हुए पांच लोगों की मौत के बाद पुलिस महकमा पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र के झिटकहियां में पुलिस ने कार्रवाई की है। टाउन DSP रामनरेश पासवान के नेतृत्व में टीम ने एक कबाड़खाना पर धावा बोला। वहां से भारी मात्रा में विभिन्न ब्रांड के शराब की खाली बोतल, रैपर, स्टिकर और ढक्कन बरामद हुए। कबाड़खाना का संचालक मौके से फरार हो गया।
बरामदगी की जानकारी पर SSP जयंतकांत खुद भी पहुंचे। उन्होंने बारीकी से पूरे कबाड़खाने के चप्पे-चप्पे की तलाशी ली। देखा कि यहां पर नकली शराब बनाने का धंधा चल रहा था। जब्त की बोतल 10 हज़ार बताई गई है। उसे रखने के लिए अलग से एक सुरक्षित शेड बनाया गया था। पुलिस ने जब्ती के साथ इसे सील कर दिया है। संचालक के मोबाइल पर पुलिस ने कई बार कॉल भी किया। लेकिन, उसने नहीं उठाया। अब उसका लोकेशन पता किया जा रहा है। SSP जयंतकांत ने कहा कि सभी थानेदारों को टास्क दिया गया। हर हाल में शराब बिक्री पर रोक लगनी चाहिये। अन्यथा सम्बन्धित थानेदारों पर कार्रवाई होगी। कबाड़खाना से शराब की खाली बोतल मिली है। इस मामले में फरार आरोपी की तलाश में छापेमारी की जा रही है। शीघ्र ही उसे दबोच लिया जाएगा।
अलग-अलग जगहों से दो दर्जन गिरफ्तार
जिले के सभी थानेदारों में अपने -अपने क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर दो दर्जन से अधिक शराब धंधेबाज़ों को गिरफ्तार किया। देसी अजर विदेशी शराब भी बरामद की गई। करजा थानेदार मणिभूषण कुमार ने छापेमारी कर महिला धंधेबाज़ समेत पांच को दबोचा। 62 लीटर शराब भी जब्त की। गिरफ्तार आरोपियों में सुनीता देवी, इंदु देवी, वीरेंद्र पासवान, सुरेश मांझी, कर्ण कुमार हैं। इन सभी को जेल भेजने की कवायद की जा रही है।


मां-बेटे समेत आठ धंधेबाज़ गिरफ्तार
इधर, गायघाट और बेनीबाद ओपी पुलिस ने मां-बेटों समेत आठ धंधेबाजों को गिरफ्तार किया है। गायघाट थानेदार नरेंद्र कुमार ने बताया कि आरोपियों में सुमित्रा देवी, राजा कुमार और सूरज मां-बेटे हैं। इनके अलावा सुरेश सहनी, अजय सहनी, सूरज कुमार और अजय कुमार हैं। वहीं बेनीबाद ओपी प्रभारी राजपत कुमार ने बिकाऊ राय और वैद्यनाथ को छह लीटर देसी शराब के साथ गिरफ्तार किया है। ये सभी शराब बनाने और बेचने का कारोबार करते हैं।





Leave a Reply