BIHARBreaking NewsSTATE

चाक-चौबंद व्यवस्था के बीच जिले के 300 से अधिक घाटों पर आज उमड़ेगा आस्था का सैलाब

सूर्योपासना का महानुष्ठान चार दिवसीय छठ व्रत के दूसरे दिन फल खरीदने को लेकर जमकर भीड़ उमड़ी। बाजार में सेव, संतरा, नासपाती, गन्ना, अन्नानास, पानी फल, केला, सपाटू प्रचूर मात्रा में उपलब्ध रहे। मंगलवार की सुबह से ही विक्रेता अपनी फलों की दुकान लगाते दिखे। विक्रेता बताते हैं कि अभी से लगातार बुधवार शाम तक उनकी दुकान खुली रहेगी। इस दौरान दिन-रात कभी-भी ग्राहक पूजा के लिए फल खरीदने आ जाते हैं। पूजा में कम से कम पांच फलों का नेग बताया जाता है।

पूजा में हवन के लिए नारियल की भी खरीदारी की जा रही है। सामान्य दिनों की अपेक्षा फल मंहगे मिल रहे हैं, पर लोक आस्था के इस महापर्व में मंहगाई पर आस्था भारी पड़ी। इसके पहले खरना का प्रसाद बनाने को घी, सरसों तेल, चीनी, आटा आदि की भी बिक्री हुई। ग्रामीण इलाकों में किसान सरसों व ईख उपजाकर रखते हैं। छठ पूजा में खासकर सरसों से तेल निकलवाकर और गन्ने के रस का मीठा से प्रसाद तैयार करने का तरीका बेहतर माना जाता है। इसके लिए चक्की मिल आदि में भी साफ-सफाई कर रखी जाती है।
आठ छठ घाटों पर विशेष इंतजाम
सबनहुआ नदी घाट प्रखंड का प्रमुख छठ घाट है। इसके अलावा चेरो का सूर्य मंदिर तालाब, बराह, कल्याण बिगहा, छतियाना, तेलमर, गोखुलपुर मठ सहित आठ छठ घाटों पर सुरक्षा के इंतजाम किये गये हैं। प्रभारी सीओ राजीव रंजन पाठक ने बताया कि इसके अलावा श्रीचंदपुर पोआरी आदि गांवों में भी छोटे छठ घाट हैं। बहुत जगह छठव्रती घर की छत से भी सूर्य को अर्घ देते हैं। जहां जलस्तर अधिक है और भीड़ ज्यादा लगती है वैसे घाटों को चिन्हित कर वहां कर्मचारी की प्रतिनियुक्ति की गई है।

चिन्हित घाट पर लाइट जैकेट के साथ गोताखोर पूजा के दौरान मौजूद रहेंगे। इसके पहले नगर आयुक्त अंशुल अग्रवाल ने सबनहुआ व चेरो में छठ घाट का जायजा लिया। घाट पर शौचालय आदि की साफ-सफाई चेंजिंग रुम बैरकेडिंग आदि पर जोर दिया। इस मौके पर बीडीओ रवि कुमार, थानाध्यक्ष देवानंद शर्मा, सीओ राजीव रंजन पाठक, विनोद रजक, कार्यपालक पदाधिकारी साकेत कुमार, चेरो ओपी प्रभारी उमाशंकर मिश्र आदि उपस्थित थे। व्रतियों ने किया खरना बेन| प्रखंड क्षेत्रों में चार दिवसीय छठ महापर्व के दूसरे दिन छठव्रतियों ने खरना पूजा की। इस अवसर पर छठव्रतियों ने स्नान-ध्यान कर निर्जला उपवास रख खरना पूजा एवं प्रसाद बनाया। छठव्रतियों ने प्रसाद बनाने के लिए अरवा चावल, गाय का दूध, चीनी, गुड़ के मिश्रण से शुद्ध खीर का प्रसाद बनाया।

पूजा-अर्चना उपरांत प्रसाद पाने के पश्चात श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। इस अवसर पर लोगों ने छठव्रतियों के घर जाकर प्रसाद भी ग्रहण किया। पूरे प्रखंड क्षेत्र में आस्था का महापर्व छठ पूजा विधिवत एवं पारंपरिक रीति-रिवाज से मनाई जा रही है।

नूरसराय : सतरंगी फब्बारों के बीच अर्घ्य देंगे छठव्रती
प्रखंड क्षेत्र के सूर्य मंदिर तालाब मुजफ्फरपुर में सतरंगी फब्बारों के बीच व्रती अर्घ्य प्रदान करेंगे। पर्व को यादगार बनाने के लिए तालाब की साफ-सफाई के बाद श्री लक्ष्मी पूजा व छठ पूजा समिति के सदस्यों द्वारा तालाब में सतरंगी फब्बारा लगाया गया है। फब्बारे के चारों ओर छोटे छोटे गोलाकार में रंगीन फब्बारा लगाया गया है। महंथ छोटू कुमार ने बताया कि घाट को विशेष रूप से सजाया गया है। असामाजिक तत्वों पर निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरा भी लगाया गया है।

सजकर तैयार है बुढ़ानगर सूर्य मंदिर तालाब
इसलामपुर | लोक आस्था का चार दिवसीय पर्व को लेकर बुढ़ानगर स्थित सूर्य मंदिर तालाब की सफाई के साथ रोशनी, पेयजल की व्यवस्था की गयी है। कार्यपालक पदाधिकारी दीनानाथ ने बताया कि छठ व्रतियों के कपड़ा बदलने के लिए चेंजिग रूम और ठहरने के लिए सामुदायिक भवन में व्यवस्था की गयी है। तालाब के चारों तरफ बैरिकेटिंग की गयी है। ताकि मेला के दौरान छठव्रतियों को किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।

सीओ अनुज कुमार ने बताया कि बुढ़ानगर सूर्य तालाब, कोविल, संडा, बौरीडीह, मैदी खुर्द, चौरमा, बड़ी पैठना, साइडपर, पनहर आदि छठ घाट पर विशेष व्यवस्था की गयी है। प्रखंड के खुदागंज थाना क्षेत्र के अर्जुन सेरथुआ सराय गांव के पोखर के पास चेंजिंग रूम की मरम्मति कर दी गयी है यहां सेरथुआ, तकियापर के अलावा गया जिला के महेसी, बलयारी, ललियारी और जहानाबाद जिला के केयूर गांव के छठव्रती आकर भगवान भास्कर को अर्घ्य प्रदान करते हैं। गांव के युवक गौतम कुमार, निखिल कुमार, छोटू कुमार, गौरव कुमार, अमित कुमार, सन्नी कुमार, दीपू कुमार, अंकुल कुमार, हिमांशु कुमार आदि ने घाट की साफ-सफाई की।

अस्थावां : 22 प्रमुख घाट चिह्नित
बीडीओ सह सीओ अरविंद कुमार ने मंगलवार को छठ घाटों का जायजा लिया। इस मौके पर उन्होंने लोगों से अपील की कि छोटे-छोटे बच्चों को पानी से दूर रखें। घाट पर बच्चे पर नजर बनाए रखें। जिराईनपुरी गांव के पास जिराइन नदी में छठ घाट पर अधिक पानी वाले क्षेत्र में बैरेकेटिंग की गयी है।

कपड़ा बदलने के लिए चेंजिंग रूम बनाया गया है। प्रशासन द्वारा 22 घाटों को चिन्हित किया गया है। गोइठवा नदी पर रजावां, डेढ़घारा, सोयवा नदी पर अकबरपुर, अस्थावां, नेपुरा, जिराईन नदी पर जिराईनपुरी, कोनंद के रानी घाट, ओंदा के शिव घाट सहित 22 घाटों को प्रमुख घाट के रूप में चिन्हित किया गया है। अधिक पानी वाले घाटों पर गोताखोर तैनात किये गये हैं। ग्रामीण श्रद्धा, भक्ति भाव से छठव्रतियों को छठ घाट तक आने जाने वाले रास्ते की साफ-सफाई के साथ-साथ तरह-तरह के रंगों से रंगोली बना रहे हैं।

व्रतियों ने ग्रहण किया प्रसाद
एकंगरसराय | सूर्य नगरी औंगारी धाम में छठव्रतियों खरना का प्रसाद ग्रहण कर 36 घंटे का उपवास शुरू किया। इसलामपुर विधायक राकेश कुमार रौशन ने छठव्रतियों के बीच दूध का वितरण किया। यहां छठव्रतियों के लिए चेजिंग रूम, लाइट, स्वास्थ्य, शौचालय, पेयजल तथा 250 स्काउट गाइड और ट्रस्ट द्वारा कई वॉलंटियर को लगाया गया है।

प्रशासन द्वारा मुख्य प्वाइंट पर स्टैटिक फोर्स एवं महिला पुलिस की तैनाती की गयी है। ट्रस्ट के अध्यक्ष रामभूषण दयाल, उपाध्यक्ष बीएन यादव, नवल किशोर पांडेय आदि शांतिपूर्ण अर्घ्य सम्पन्न कराने की व्यवस्था में जुटे हैं। वहीं ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने छठ घाट का निरीक्षण किया तथा लोगो से शांतिपूर्ण माहौल में पर्व मनाने की अपील की। मंत्री के साथ पूर्व विधायक चन्द्रसेन प्रसाद, बीडीओ सुश्री गीता आदि उपस्थित थे।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.