BIHARBreaking NewsSTATE

700 से लेकर 70 हजार तक का चांदी का सूप, 5 से लेकर 200 ग्राम सोने का बना सूप

कोरोना काल के बाद पहली बार बिहार में सोने और चांदी के सूप की डिमांड बढ़ी है। मन्नत पूरी होने वालों ने चांदी और सोने के सूप का ऑर्डर दिया है। चांदी के लिए 700 से 70 हजार जबकि सोने के लिए 5 ग्राम से लेकर 250 ग्राम तक का ऑर्डर मिला है। कारोबारियों का कहना है कि इस बार बाजार में काफी तेजी दिखाई दे रही है। धनतेरस से ही बाजार में काफी भीड़ है। ऑल इंडिया ज्वेलर्स एंड गोल्ड स्मिथ फेडरेशन (AJGF) के प्रदेश अध्यक्ष अशोक कुमार वर्मा का कहना है कि इस बार चांदी के सूप की डिमांड बढ़ी है।

बाजार में सोने और चांदी के सूप का खूब ऑर्डर आया है। चांदी का सूप 100 ग्राम से लेकर एक किलो तक का आया है। 100 ग्राम चांदी वाला सूप 7000 रुपए में मिल रहा है और एक किलो चांदी का सूप लगभग 70 हजार रुपए में है। इस बार चांदी वाले सूप की डिमांड आधिक है। चांदी और सोने के सूप का ऑर्डर मन्नत वाले अधिक कर रहा है। जो भी मन्नत मांगता है चांदी और सोने के सूप के लिए वह पहले से ऑर्डर कर इसे बनवाता है। सोने का सूप भी लोग बनवा रहे हैं। 5 ग्राम से लेकर 250 ग्राम तक के सोने के सूप के ऑर्डर मिले हैं। सोना वालों ने विशेष मन्नत में बनवाया है। अधिकतर लोगों ने चांदी का ही ऑर्डर दिया है।

दीपावली के पहले ही मिलने लगा था ऑर्डर

ऑल इंडिया ज्वेलर्स एंड गोल्ड स्मिथ फेडरेशन (AJGF) के प्रदेश अध्यक्ष अशोक कुमार वर्मा का कहना है कि पटना ही नहीं पूरे बिहार में इस बार चांदी और सोने के सूप की डिमांड रही है। बिहार के हर बड़े शहर में दुकानदारों को ऑर्डर मिला है। पटना में ऑर्डर की संख्या अधिक है। दुकानदारों का कहना है कि दीपावली के पहले से ही ऑर्डर मिलने लगे थे। बाजार को देख पहले से चांदी के सूप तैयार करा लिए गए थ। इस बार तो रेडीमेड चांदी का सूप बहुत दिखा है। बर्तन के दुकानदारों का कहना है कि इस बार पीतल के सूप की डिमांड भी खूब रही है। 500 से लेकर 2000 तक के पीतल के सूप बाजार में हैं। चांदी सोने के साथ पीतल के सूप को भी लोग चढ़ा रहे हैं। बर्तन कारोबारी राकेश साव का कहना है कि इस बार बाजार अच्छा रहा है। लोगों में धनतेरस दीपावली और छठ को लेकर काफी उत्साह दिखा है। छठ में तो बाजार में काफी रौनक है।

बांस के सूप का बड़ा कारोबार

लोक आस्था का महापर्व छठ पर शहर के बाजार में रौनक बढ़ गई है। श्रृदालुओं ने सूप-दऊरा, मिट्‌टी के बने चूल्हे, लकड़ी, पूजन सामग्री आदि की खरीदारी कर रहे हैं। बाजार में छठ को लेकर रौनक बढ़ गई है। छठ महापर्व में बांस से बने सूप और दउरा का विशेष महत्व रहता है। शहर में हाजीपुर, पूर्णिया, छपरा, साहेबगंज और बंगाल से बांस व सूप दउरा आता है। मुसहल्लपूर हाट के विद्यासागर ने बताया कि एक सप्ताह पहले तक सूप 35-40 और 70 रुपए में बिका है, लेकिन छठपर्व पर अब इसकी कीमत में उछाल आ गया है। पिछले वर्ष सूप 100 रुपए जोड़ा बिका था, इस बार 120 रुपए जोड़ा में मिल रहा है। वहीं दऊरा पिछले साल 100 से 300 रुपए में बिका था, इस बार 100 से लेकर 350 रुपए में बिक रहा है। अलग-अलग साइज पर इसके दर में अंतर है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.