मुजफ्फरपुर में सोमवार को DM प्रणव कुमार व एसएसपी जयंत कांत ने सुरक्षात्मक कार्यों को सुनिश्चित करने के लिए छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान शहरी क्षेत्र में बूढ़ी गंडक नदी स्थित सीढ़ी घाट, आश्रम घाट, अखाड़ा घाट, लकड़ी ढहाई घाट सहित अन्य महत्वपूर्ण नदी घाटों का निरीक्षण SDRF की मोटर बोट से किया गया। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने नगर निगम द्वारा की जा रही घाटों की मरम्मती एवं सफाई व्यवस्था का भी जायजा भी लिया। साथ ही इस संबंध में महत्वपूर्ण आदेश उन्होंने नगर आयुक्त एवं तकनीकी विभागों के अभियंताओं को दिया। निर्देश दिया कि सभी नदी घाटों की सफाई की मुकम्मल व्यवस्था सुनिश्चित करें। ताकि छठ व्रतियों को दिक्कतों का सामना न करना पड़े।



संवेदनशील घाटों पर गोताखोरों की प्रतिनियुक्ति
निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने शहर के कई संवेदनशील घाटों पर सुरक्षात्मक बैरिकेडिंग, घाटों पर प्रकाश व्यवस्था, गोताखोर/नाव/नाविकों की प्रतिनियुक्ति, SDRF टीम की प्रतिनियुक्ति की। प्रत्येक घाट पर नियंत्रण कक्ष की स्थापना, घाटों पर दण्डाधिकारी/पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति सहित घाटों की साफ सफाई, घाटों का समतलीकरण, कूड़ा निस्तारण, वाच टावरों, पार्किंग व्यवस्था, महिला श्रृद्धालुओं के लिए प्रत्येक घाट पर चेंज रूम, प्रवेश/निकासी मार्ग आदि व्यवस्थाओं को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए। इस दौरान डीएम द्वारा प्रभारी पदाधिकारी, जिला आपदा प्रबंधन प्रशाखा, मुजफ्फरपुर को प्रत्येक घाट हेतु पर्याप्त संख्या में सुरक्षात्मक संदेशों से संबंधित बैनर-पोस्टर लगाने तथा आडियो संदेशों का प्रसार व्यापक स्तर पर कराने का निर्देश दिया।

कोरोना नियमों का पालने करने का दिया निर्देश
इस अवसर पर डीएम ने जिलेवासियों से अपील किया कि पर्व-त्योहार के अवसर पर भीड़-भाड़ से बचने एवं सामाजिक दूरी मेंटेन करने के मद्देनजर जहां तक संभव हो लोग छठ महापर्व अपने-अपने घर पर ही मनाएं। साथ ही बच्चों, महिलाओं व युवाओं को घाटों पर नहीं आने दें। नदी घाटों, तालाबों, पुलों पर खेलने नहीं दें। ताकि जिले में इस पर्व के दौरान डूबने की घटना नहीं होने पाए। इस दौरान उन्होंने सभी संबधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सदैव सतर्क रहें। छठ महापर्व की प्रत्येक स्तर पर तैयारी सुनिश्चित करने के लिए स्वयं घाटो का निरीक्षण करें।




Leave a Reply