BIHARBreaking NewsSTATE

मुजफ्फरपुर में पुलिस चला रही श’राब सफाई अभियान, शहर से गांव तक देर रात रेड जारी

बिहार में जहरीली शराब से लगातार हो रही मौत के बाद पुलिस काफी एक्टिव हो गई है। मुज़फ़्फ़रपुर जिले में भी पुलिस शराब के खिलाफ अभियान तेज कर दी है। इसको लेकर रविवार दोपहर से देर रात तक छापेमारी जारी रही। शहर से लेकर गांव तक अलग-अलग टीम छापेमारी करती रही।

विभिन्न थाना क्षेत्रों के थानेदारों के नेतृत्व में भी अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस ने देसी शराब के विभिन्न अड्डे व ठिकानों पर छापेमारी की। हजारों लीटर देसी शराब और ताड़ी को नष्ट किया गया। एएलटीएफ और उत्पाद विभाग ने भी कई जगहों पर छापेमारी की।

शराब बनाने का सामान नष्ट करते पुलिसवाले।

शराब बनाने का सामान नष्ट करते पुलिसवाले।

पुलिस रिपोर्ट के मुताबिक, पश्चिमी दियारा व शहर में बूढ़ी गंडक किनारे दो दर्जन से ज्यादा चूलाई शराब की भठ्ठी को ध्वस्त कर दिया गया। देर रात तक शहर से लेकर ग्रामीण इलाके तक अवैध शराब को लेकर छापेमारी अभियान जारी है।

टाउन डीएसपी राम नरेश पासवान ने बताया कि अखाड़ाघाट से दादर तक नदी किनारे चूलाई शराब बनाने की सूचना मिल रही थी। एसडीआरएफ टीम के साथ वोट से पहुंचकर पुलिस ने कई भट्टी को ध्वस्त कर दिया। हालांकि इस दौरान किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई। वहां जो भी सामान मिला, उसको नष्ट कर दिया गया। इसके अतिरिक्त टाउन थाना, मिठनपुरा थाना, काजी महम्मदपुर थाना, ब्रह्मपुरा थाना व सदर थाना में लगातार अवैध शराब को लेकर छापेमारी की जा रही है।

शहर से गांव तक कई इलाकों में देर रात तक भी जारी है पुलिस का यह अभियान।

शहर से गांव तक कई इलाकों में देर रात तक भी जारी है पुलिस का यह अभियान।

मिठनपुरा के दलित बस्ती में भी छापा, लिए गए कई हिरासत में

मिठनपुरा थाना क्षेत्र के मोहन साहनी टोला, रामबाग व चकबासू में भी छापेमारी की गई। इस दौरान मोहन साहनी टोला में देसी शराब की भठ्ठी तोड़ी गई। साथ ही कई लोगों की गिरफ्तारी भी हुई है, जिनका पुलिस सत्यापन करने में जुटी है।

उधर, सरैया एसडीपीओ राजेश शर्मा के नेतृत्व में पश्चिमी दियारा में बड़े पैमाने पर अवैध शराब की भठ्ठी तोड़ी गई। सरैया के मुसहर (दलित बस्ती) टोला, कोल्हुआ मुसहर टोला समेत कई दलित बस्ती में अभियान चलाकर देसी शराब की भठ्ठी तोड़ी गई। साहेबगंज, सकरा, करजा, पारू, देवरिया, कांटी, मोतीपुर थाना क्षेत्र में देर रात तक अवैध शराब को लेकर अभियान जारी रहा।

इधर, एंटी लिकर टास्क फोर्स (एएलटीएफ) और उत्पाद विभाग की टीम ने मिठनपुरा थाना के रामबाग स्थित एक शराब धंधेबाज के घर छापेमारी की। इस दौरान शराब धंधेबाज भागने में सफल रहा। इसके अलावा मुशहरी के छोटी कोठिया इलाके में भी छापेमारी की गई। लेकिन, टीम को हाथ कुछ भी नहीं लग सका।

सदर पुलिस ने छापेमारी कर एक को किया गिरफ्तार

अभियान के दौरान सदर थानेदार सत्येंद्र कुमार मिश्रा के नेतृत्व में भी इलाके में छापेमारी की गई। इस दौरान सैकड़ों लीटर कच्ची शराब को नष्ट किया गया। पुलिस की टीम पताही, दिघरा समेत अन्य कई जगहों पर छापेमारी की। मौके से एक व्यक्ति को भी पकड़ा गया। उससे थाने पर पूछताछ की जा रही है। थानेदार ने कहा कि पकड़े गए व्यक्ति का सत्यापन किया जा रहा है। जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.