कोरोना संकट व लंबे लॉकडाउन से मंदा पड़े कारोबार को त्योहारी सीजन ने संजीवनी दे दी है। इस बार धनतेरस में अरबों के कारोबार की उम्मीद है। अभी तक दा हजार छोटी-बड़ी गाड़ियां बुक हो चुकी हैं। सराफा में सौ करोड़ के कारोबार की तैयारी है। दिवाली व धनतेरस को लेकर बाजार पूरी तरह गुलजार हो चुके हैं। इलेक्ट्रॉनिक, ऑटोमोबाइल, गारमेंटस व ज्वेलरी दुकानों में ग्राहकों की उमड़ती भीड़ देखकर बंपर कारोबार की उम्मीद है। लोगों के मूड व बजट के अनुरूप सामान उपलब्ध कराने में कारोबारी कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। कोरोना काल में स्टॉक में रखे पुराने माल भी नये माल के साथ मिक्स कर ग्राहकों को ऑफर के साथ दिये जा रहे हैं, जिससे उनका घाटा इस बार पूरा किया जा सके।
रेडिमेड गारमेंट की जबरदस्त डिमांड :
दीवाली, छठ और उसके तुरंत बाद विवाह के लग्न शुरू होने से रेडिमेड गारमेंट की जबरदस्त डिमांड बाजारों में हो रही है। कारोबारियों की मानें तो अब तक 50 करोड़ का कारोबार हो चुका है। दीपावली बाद 40 करोड़ का कारोबार होने की उम्मीद है। मोतीझील के कारोबारी रवि कहनानी ने बताया कि लड़कियों में गाउन, प्लाजो सेट व वेसटर्न वियर रिडिमेड तो लड़कों में कुर्ता, पायजामा व बंडी सेट की मांग अधिक है। कारोबारी सरदार अवतार सिंह ने बताया कि 15अक्टूबर के बाद से गारमेंट की खरीदारी में उछाल आया है। कोरोना के कारण पिछले साल कारोबार मंदा रहा। अब तक 50 प्रतिशत तक कारोबार हुआ है। दीवाली के बाद 50 प्रतिशत होने की उम्मीद है। इमलीचट्टी सथित मॉल के कारोबारी आयुष बंका ने बताया कि कि इस साल पुराना स्टॉक भी निकल रहा है। इसे नये के साथ मिक्स कर दिखाया जा रहा है, जिसे खूब पसंद किया जा रहा है। क्रॉपटॉप व गार्लिक्स लहंगे का क्रेज ज्यादा है। अहमदाबाद, कानपुर व मुम्बई से माल मंगवाया गया है। वहीं नॉर्थ बिहार चेम्बर ऑफ कामर्स के महामंत्री सज्जन शर्मा ने बताया कि त्योहार व लग्न को लेकर रेडिमेड गारमेंटस की मांग अधिक है। जिले में 90 करोड़ का कारोबार होने की उम्मीद है। अब तक 50 करोड़ पार कर चुका है

इलेक्ट्रॉनिक बाजार गुलजार :
धनतेरस व दिवाली को लेकर इलेक्टॉनिक बाजार गुलजार है। कारोबारियों ने बताया कि लगभग 20 करोड़ की बुकिंग हो चुकी है। वहीं 20 करोड़ का कारोबार अब तक हो चुका है। इस बार 40 करोड़ से अधिक के कारोबार की उम्मीद है। इस बार स्मार्ट एलईडी की मांग सबसे अधिक है। दूसरे नंबर पर वाशिंग मशीन व तीसरे पर रेफ्रिजरेटर हैं। किस्त, जीरो डाउन पेमेंट व कैशबैंक का भी ऑफर ग्राहकों को आकर्षित कर रहा है। तिलक मैदान के कारोबारी प्रमोद जाजोदिया ने बताया कि 42 से 55 इंच की एलईडी टीवी का क्रेज अधिक है। बुकिंग के अनुसार धनतेरस व दिवाली को होम डिलीवरी की जाएगी। हाथी चौक इलेक्ट्रॉनिक दुकान के दीपक कुमार व अमर सिनेमा रोड के इलेक्ट्रॉनिक समानों के कारोबारी संजीव कुमार ने बताया कि किस्त, क्रेडिट कार्ड के ऑफर ग्राहकों को आकर्षित कर रहे हैं।



Leave a Reply