BIHARBreaking NewsSTATE

पटना में आज से बढ़ सकती है ठंड, 6 महीने बाद न्यूनतम पारा 18.4 डिग्री पहुंचा

पटना में आज रात से ठंड बढ़ेगी। रात का पारा 18 डिग्री सेल्सियस से नीचे जाने का पूर्वानुमान है। आने वाले 48 घंटे में मौसम में बड़े बदलाव की उम्मीद है। इस दौरान राज्य के कई जिलों में रात के तापमान में कमी आएगी। इससे ठंड का असर दिखाई देगा। मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिम और उत्तर-पश्चिमी हवाएं बिहार के सभी हिस्से में पहुंच रही हैं, जिसमें तापमान में लगातार गिरावट दर्ज हो रही है। गया, भागलपुर, गोपालगंज, बक्सर, मुजफ्फरपुर सहित 20 जिलों में रात के तापमान में गिरावट है।

रात से शुरू होगी ठंड, फिर दिन में दिखेगा असर
मौसम विभाग के मुताबिक, बिहार के सभी हिस्सों में मानसून शुष्क (ड्राई) बना हुआ है। ठंड और नमी के साथ पश्चिम और उत्तर-पश्चिम की तरफ से हवाएं बिहार के सभी हिस्सों में पहुंच रही हैं। इससे रात के तापमान पर असर पड़ रहा है। रात का पारा लगातार गिर रहा है।

6 माह बाद रात का तापमान आया नीचे
पटना में गुरुवार को रात का पारा 6 महीने के दौरान न्यूनतम स्तर पहुंचा है। तापमान 18.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है। इससे पहले 26 अप्रैल को न्यूनतम तापमान 17.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया था। बिहार के साथ ही आसपास के राज्यों में कोई सिस्टम सक्रिय नहीं है।

पहाड़ों की बर्फबारी का दिख रहा असर
पहाड़ों पर लगातार बर्फबारी हो रही है। वहां से आने वाली ठंडी हवाओं की वजह से ही देश के मैदानी हिस्से में स्थित दिल्ली, उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्से में तापमान में लगातार गिरावट दर्ज हो रही है। इसका प्रभाव बिहार के विभिन्न क्षेत्रों में भी दिखाई दे रहा है। गुरुवार को गया सबसे अधिक ठंडा रहा। जहां न्यूनतम तापमान 16.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। गुरुवार को बिहार के सभी हिस्से में अधिकतम तापमान 29 से 33 डिग्री के बीच और न्यूनतम तापमान 16 से 22 डिग्री के बीच रिकॉर्ड किया गया।

पटना में दिन में गर्म, रात में ठंड
पटना में दिन में गर्म और रात में मौसम सर्द हो रहा है। हालांकि, दिन में चलने वाली पश्चिम हवाओं की वजह से गर्मी से राहत रही है। मौसम विभाग के मुताबिक शुष्क मौसम की वजह से दिन में निकलने वाली धूप का प्रभाव सभी हिस्से में तेजी से दिख रहा है। इससे पारा अचानक ऊपर चढ़ रहा है। इसी कारण से गर्मी का एहसास हो रहा है।

शाम होते ही पारा तेजी के साथ नीचे गिर रहा है, जिससे मौसम सर्द हो रहा है। ये स्थिति दूसरे दिन अलसुबह तक दिखाई दे रही है। पटना में गुरुवार को अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस होने का अनुमान है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.