BIHARBreaking NewsSTATE

बिहार में हफ्तेभर में गुलाबी ठंड, पिछले 72 घंटे में तापमान में 3 डिग्री तक की गिरावट

बिहार में आने वाले 7 दिनों में मौसम में बदलाव दिखाई देने लगेगा। मौसम विभाग के मुताबिक, पूर्वी हवा के प्रवाह में कमी आने के साथ ही तापमान में गिरावट हो रही है। पश्चिमी हवा का प्रवाह होते ही ठंड पड़ने लगेगी। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि 10 नवंबर तक ठंड का प्रभाव बढ़ जाएगा। पिछले 72 घंटों में तापमान में 3 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई है।

विभाग के मुताबिक, सोमवार को आसमान पर हल्के बादल छाए रहेंगे। इस दौरान आर्द्रता 85% होने का अनुमान है, जिससे अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस होने का अनुमान है।पटना में रविवार को न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

ऐसे बदल रहा है मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक, बिहार में बारिश का सिस्टम पूरी तरह से निष्क्रिय हो चुका है। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती हवा का प्रभाव आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु के क्षेत्रों में दिखाई दे रहा है। बिहार में निष्क्रिय बारिश सिस्टम की वजह से मौसम पूरी तरह से शुष्क है, जिससे पश्चिम की तरफ से बहने वाली पछुआ हवा के प्रभाव से मौसम सर्द होने का अनुमान है। राज्य में 4 से 7 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही है।

शहर के बाहर दिखाई दे रही धुंध
मौसम विभाग के मुताबिक, 3 से 4 दिनों तक अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास रहेगा। इस दौरान दिन में गर्मी और देर रात से सुबह तक सर्द का एहसास होगा। शहर के बाहरी क्षेत्रों में सुबह धुंध होने की संभावना है। नवंबर के पहले सप्ताह में मौसम में और बदलाव होने की उम्मीद है। पहाड़ी क्षेत्रों में होने वाली बर्फबारी की वजह से पछुआ हवा की रफ्तार में तेजी आने का अनुमान है। इससे दिन के साथ ही रात के तापमान में भी गिरावट दर्ज होगी। इस कारण से ठंड बढ़ने के आसार हैं।

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.