BIHARBreaking NewsSTATE

पश्चिमी हवाओं ने दी दस्तक, जल्द आएगी ठंड, जानें आज बिहार के किन जिलों में हो सकती है बारिश

बिहार में पश्चिमी हवाओं के आने का सिलसिला शुरू हो गया है। ऐसे में ठंड जल्द ही दस्तक देगी। शुक्रवार को पटना समेत राज्यभर में मौसम शुष्क रहेगा। वहीं, बीते 24 घंटे में प्रदेश के पूर्वी व उत्तर-मध्य भाग के कुछ स्थानों पर एवं उत्तर-पश्चिम, दक्षिण-मध्य भाग के एक या दो स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा हुई है। पटना मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार सुपौल जिले के बसुआ एवं खगड़िया के बलतारा में भारी बारिश दर्ज की गई। सुपौल जिले के बसुआ एवं बलतारा में 75 मिलीमीटर, मुंगेर 60.1 मिलीमीटर, खगड़िया में 48.0 मिलीमीटर, सबौर में 41.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। इसके अलावा शेष सभी स्थानों पर मौसम सामान्य रहा।

मौसम विभाग के अनुसार बिहार के उत्तर पश्चिम एवं आसपास चक्रवाती परिसंचरण का जो क्षेत्र बना हुआ था, वह अब पूर्वी उत्तर प्रदेश एवं आसपास में विस्तारित हो गया है। इसका क्षेत्र समुद्र तल से 3.1 किमी एवं 5.8 आठ किमी तक है। इनके प्रभाव से शुक्रवार को उत्तर-पूर्व और उत्तर मध्य भाग के एक या दो स्थानों पर हल्की बारिश का पूर्वानुमान है। वहीं, पटना समेत सभी जिलों में मौसम शुष्क रहेगा।

उत्तर-मध्य व उत्तर-पूर्व बिहार में हो सकती है हल्की बारिश

मौसम विज्ञान केंद्र पटना के पूर्वानुमान के अनुसार उत्तर मध्य बिहार के सीतामढ़ी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली, शिवहर व समस्तीपुर के अलावा उत्तर पूर्व बिहार के सुपौल, अररिया, किशनगंज, मधेपुरा, सहरसा, पूर्णिया और कटिहार जिले में एक या दो स्थानों पर वर्षा की संभावना है।

पटना का अधिकतम तापमान रहा 33 डिग्री

पटना मौसम विज्ञान केंद्र के मौसम वैज्ञानिक आशीष कुमार ने बताया कि आने वाले दो हफ्ते तक कमोबेश पूरे बिहार में मौसम शुष्क रहेगा। राजधानी समेत राज्य भर में तापमान में कमी आएगी। विशेष रूप से अधिकतम तापमान घटेगा। पटना में गुरुवार को अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि शुक्रवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार हैं। इसी तरह आने वाले समय में तापमान में और कमी आती जाएगी।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.