नई दिल्ली. कोरोना वायरस से मौ’त की संख्या में इजाफा दर्ज किया है. बीते 24 घंटों में देश कोविड के 231 मरीजों की मौत हुई है. जबकि, संक्रमण के 15 हजार 786 नए मामले मिले हैं. नए आंकड़ों को मिलाकर देश में संक्रमितों की संख्या 3 करोड़ 41 लाख 43 हजार 236 पर पहुंच गई है. वहीं, अब तक 4 लाख 53 हजार 42 मरीज जान गंवा चुक हैं. फिलहाल देश में 1 लाख 75 हजार 745 मरीजों का इलाज जारी है.
भारत ने अपने कोविड रोधी टीकाकरण के तहत एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए गुरुवार को एक अरब खुराक का आंकड़ा पार कर लिया जिसके चलते देश में जगह-जगह जश्न मनाया गया. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में इस साल 16 जनवरी से शुरू हुए कोविड रोधी टीकाकरण के तहत नौ महीने में मिली इस उपलब्धि की सराहना करते हुए इसे भारतीय विज्ञान, उद्यम और 130 करोड़ भारतीयों की सामूहिक भावना की जीत बताया. मोदी ने यहां राम मनोहर लोहिया अस्पताल में टीकाकरण केंद्र का भी दौरा किया और अस्पताल के कर्मचारियों तथा कुछ लाभार्थियों से बातचीत की. उनके साथ केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया भी थे.

महाराष्ट्र में 39 की मौत
महाराष्ट्र में गुरुवार को कोविड-19 के 1,573 नये मामले सामने आए और महामारी से 39 लोगों की मौत हो गई. इसके साथ ही राज्य में उपचाराधीन मरीजों की संख्या 24,292 हो गई है. राज्य में सात जिलों और पांच नगर निगमों में संक्रमण का कोई नया मामला सामने नहीं आया. जिलों में मुंबई में सर्वाधिक 427 मामले सामने आए. महाराष्ट्र के प्रशासनिक क्षेत्रों में, मुंबई क्षेत्र में सर्वाधिक 708 नये मामले, पुणे क्षेत्र में 458, नासिक क्षेत्र में 244, कोल्हापुर में 88, लातूर में 40, औरंगाबाद में 18, नागपुर में 12 और अकोला क्षेत्र में पांच नये मामले सामने आए.

दिल्ली में कोविड से किसी की मौ’त नहीं
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में गुरुवार को कोविड-19 के 22 नये मामले आए और संक्रमण की दर 0.05 प्रतिशत दर्ज की गई. स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, शहर में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के संक्रमण से किसी की मृत्यु होने की सूचना नहीं है. शहर में इस महीने में अभी तक संक्रमण से तीन लोगों (2, 10 और 18 अक्टूबर को) की मौत हुई है. वहीं सितंबर में कोरोना वायरस संक्रमण से पांच लोगों की मौत हुई थी. दिल्ली में अभी तक कुल 14,39,488 लोगों के कोरोना वायरस से संक्रमित होने तथा संक्रमण से कुल 25,090 लोगों की मृत्यु होने की पुष्टि हुई है. शहर में अभी तक 14.14 लाख से ज्यादा लोग कोरोना वायरस संक्रमण से मुक्त हुए हैं.

केरल में 8 हजार से ज्यादा मरीज
केरल में गुरुवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 8,733 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 48,79,317 हो गई. इसके अलावा 118 रोगियों की मौत के साथ ही मृतकों की तादाद 27,202 तक पहुंच गई है. केरल सरकार की एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि बुधवार से 9,855 और लोगों के संक्रमण से उबरने के बाद ठीक हो चुके लोगों की कुल संख्या 47,79,228 हो गई. उपचाराधीन रोगियों की संख्या 81,496 है.




Leave a Reply