राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद बुधवार को पटना पहुंच गए। एयरपोर्ट पर बिहार के राज्यपाल फागू चौहान, CM नीतीश कुमार, डिप्टी CM तारकिशोर प्रसाद व रेणु देवी, प्रतिपक्ष के नेता तेजस्वी यादव समेत कई मंत्रियों ने उनका स्वागत किया। राष्ट्रपति एयरपोर्ट से राजभवन के लिए रवाना हो गए। राजभवन में वह पटना हाईकोर्ट के न्यायधीशों के साथ हाई-टी में शाम में शामिल होंगे।
राष्ट्रपति की फ्लाइट दिल्ली से सुबह 11.25 बजे रवाना होकर दोपहर एक बजे पटना एयरपोर्ट पर पहुंची। पटना में बेली रोड के अलावा एयरपोर्ट से राजभवन तक जाने वाले मार्गों पर दोपहर 2 बजे तक यातायात प्रभावित रहेगा। इसलिए अगर इस रोड से गुजरना है तो समय का ध्यान रखें।


सभी प्रशासनिक तैयारियां पूरी
राष्ट्रपति बनने के बाद रामनाथ कोविंद चौथी बार पटना आ रहे हैं। उनके दौरे को लेकर सभी प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 22 अक्टूबर की सुबह वह पटना घूमने निकलेंगे। वो अपने दौरे के दौरान पटना साहिब गुरुद्वारा और महावीर मंदिर भी जाएंगे। 22 अक्टूबर को बुद्ध स्मृति पार्क जाने का कार्यक्रम है। सुबह 9 बजे वह बुद्ध स्मृति पार्क पहुंचेंगे। इस दौरान आम लोगों के लिए पार्क बंद रहेगा। राष्ट्रपति 22 अक्टूबर की सुबह 11 बजे तक पटना में रहेंगे। उनके 46 घंटे की पटना यात्रा को लेकर तमाम सुरक्षा इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं।

21 अक्टूबर को विधानसभा भवन के शताब्दी समारोह शामिल होंगे
21 अक्टूबर को राष्ट्रपति बिहार विधानसभा भवन के शताब्दी समारोह कार्यक्रम में शामिल होंगे। सुबह 10:50 बजे वो विधानसभा परिसर पहुंचेंगे और तकरीबन 70 मिनट के कार्यक्रम में वह शामिल होंगे। विधानसभा परिसर में राष्ट्रपति बोधि वृक्ष भी लगाएंगे। वहीं, शताब्दी वर्ष स्तम्भ का भी शिलान्यास करेंगे। बिहार विधानसभा में राष्ट्रपति के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण डिजिटल और टेलीविजन मीडिया पर किया जाएगा।

21 अक्टूबर की शाम 7 बजे से राष्ट्रपति के सम्मान में बिहार विधानसभा के अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा के सरकारी आवास पर रात्रि भोज का आयोजन भी किया गया है। इस दौरान शारदा सिन्हा समेत कुल 77 कलाकारों की तरफ से सांस्कृतिक कार्यक्रम भी पेश किया जाएगा।



Leave a Reply